गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारे पहुंचे राज्यपाल संतोष गंगवार, मत्था टेककर लिया आशीर्वाद
रांची: गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाशोत्सव के अवसर पर मंगलवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल, पीपी कंपाउंड स्थित आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरु नानक देव जी के समक्ष मत्था टेककर श्रद्धा अर्पित की और राज्य की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने कीर्तन में भाग लिया और गुरुबाणी का श्रवण किया। इसके बाद उन्होंने लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं और सिख समुदाय के लोगों ने प्रकाशोत्सव के उल्लास के बीच धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरी मानवता को सेवा, प्रेम, करुणा और सद्भाव का संदेश देती हैं। उनके विचार समाज को आपसी भाईचारे, समानता और मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, सौहार्द और मानवीय मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और प्रत्येक व्यक्ति को मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करती हैं।

