10 साल बाद जेटेट परीक्षा का आयोजन, परीक्षा केंद्रों पर उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़
रांची : झारखंड में 10 साल के लंबे इंतजार के बाद रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा को लेकर राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में अभ्यर्थियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही परीक्षार्थियों का अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था। कई अभ्यर्थी किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए निर्धारित समय से काफी पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए।
पूरे राज्य में जेटेट परीक्षा के लिए कुल 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, राजधानी रांची में 101 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो पालियों में ली जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित है। पहली पाली की परीक्षा के लिए सुबह से ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कतार देखने को मिली। प्रवेश प्रक्रिया शुरू होते ही परीक्षार्थियों की भीड़ बढ़ने लगी। केंद्रों के मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की सख्ती से जांच की जा रही है। आवश्यक जांच और प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है।
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी मौजूद रहे। कोई प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच करता नजर आया तो कोई परीक्षा शुरू होने से पहले अंतिम समय तक तैयारी को दोहराता दिखा। अभ्यर्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह के साथ थोड़ी घबराहट भी देखने को मिली।
इधर, परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ परीक्षा संचालन पर भी निगरानी रखी जा रही है। लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रही जेटेट परीक्षा से अभ्यर्थियों को शिक्षक बनने की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है।



