निर्वाचन गहन पुनरीक्षण कार्य में BLO पर दबाव का आरोप, उप प्रमुख अरुण साबू ने BDO से की शिकायत
खूंटी: निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे निर्वाचन गहन पुनरीक्षण एवं गणना कार्य के दौरान मुरहू प्रखंड में BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) को आ रही परेशानियों का मामला सामने आया है। उप प्रमुख मुरहू अरुण कुमार साबू ने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
उप प्रमुख के अनुसार, निर्वाचन कार्य में लगी BLO द्वारा अपने निर्धारित निर्वाचन संबंधी कार्यों का निष्पादन बेहतर तरीके से किया जा रहा है। इसी दौरान मुरहू की CDPO द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के क्रम में कुछ BLO-सह-आंगनबाड़ी सेविकाओं से उनके निर्वाचन कार्य को लेकर सवाल किए जा रहे हैं तथा कथित रूप से यह कहा जा रहा है कि यदि वे आंगनबाड़ी केंद्र का कार्य नहीं देख सकती हैं तो कार्य छोड़ दें। वहीं, स्पष्टीकरण मांगे जाने की बात से भी BLO में भय और दबाव की स्थिति बनी हुई है।
उप प्रमुख ने कहा कि कई स्थानों पर उनके द्वारा निर्वाचन कार्य की जांच के दौरान BLE-1, जो शिक्षा विभाग से संबंधित हैं, की अनुपस्थिति भी सामने आई है। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी से कहा कि निर्वाचन आयोग के महत्वपूर्ण कार्य में इस प्रकार की लापरवाही करने वाले संबंधित कर्मियों के संबंध में मंतव्य लिया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि निर्वाचन कार्य में लगाए गए सभी कर्मी अपने निर्धारित कार्य दिवस एवं जिम्मेदारी के अनुसार समय पर उपस्थित रहकर कार्य नहीं करेंगे, तो BLO पर अतिरिक्त दबाव बढ़ेगा और निर्वाचन कार्य की गति एवं गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार सभी संबंधित कर्मियों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सुनिश्चित करना चाहिए।
उप प्रमुख अरुण साबू ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। BLO द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन, नाम जोड़ने तथा आवश्यक शुद्धिकरण का कार्य किया जा रहा है। इसलिए इस महत्वपूर्ण कार्य में लगे कर्मियों को अनावश्यक दबाव से मुक्त वातावरण मिलना जरूरी है।
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी से आग्रह किया कि निर्वाचन कार्य के दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं को उनके निर्वाचन दायित्व के कारण अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए, ताकि उन्हें निर्धारित समय पर मतदाताओं से संबंधित जानकारी जुटाने और निर्वाचन कार्य पूरा करने में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यदि BLO पर लगातार अतिरिक्त दबाव रहेगा तो निर्वाचन कार्य प्रभावित होने की संभावना है।
उप प्रमुख ने यह भी कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे BLO और अन्य चयनित कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के लिए आवश्यक सहयोग एवं संसाधन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सत्यापन के दौरान कोई भी योग्य मतदाता सूची से छूट न जाए।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उप प्रमुख को आश्वस्त किया कि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटेगा। प्रत्येक नागरिक की जानकारी का सत्यापन किया जाएगा और पात्रता के आधार पर नाम मतदाता सूची में दर्ज किया जाएगा।


