जयनारायण भारत गैस एजेंसी में नए कनेक्शन की सुविधा शुरू, उपभोक्ताओं को हाथोंहाथ मिलेंगे सिलेंडर

खूंटी: जयनारायण भारत गैस एजेंसी में भारत गैस के नए कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए सुविधा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपप्रमुख अरुण साबू ने फीता काटकर किया। इस दौरान नए गैस कनेक्शन के लिए पहुंचे उपभोक्ताओं की मौजूदगी में विधिवत रूप से सेवा की शुरुआत की गई।


एजेंसी प्रबंधन के अनुसार, उपभोक्ताओं को अब गैस कनेक्शन और सिलेंडर प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। गैस की आपूर्ति नियमित रूप से उपलब्ध रहेगी और उपभोक्ता आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद हाथोंहाथ गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे। एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं को बेहतर और सुगम सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
शुभारंभ के अवसर पर पहुंचे आठ उपभोक्ताओं ने मौके पर ही भारत गैस का कनेक्शन लिया। नए कनेक्शन की प्रक्रिया आसान होने और सिलेंडर आसानी से उपलब्ध होने पर उपभोक्ताओं ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि गैस कनेक्शन के लिए अब उन्हें ज्यादा समय इंतजार नहीं करना पड़ेगा और जरूरत के समय सिलेंडर भी आसानी से मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपप्रमुख अरुण साबू ने कहा कि आम लोगों को सुविधाजनक और त्वरित सेवा मिलना जरूरी है। उन्होंने एजेंसी के इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उपभोक्ताओं को आगे भी इसी तरह बेहतर सेवाएं मिलती रहेंगी। एजेंसी प्रबंधन ने भी उपभोक्ताओं से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए गैस कनेक्शन लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *