जब हिन्दू-मुसलमान की साजिश फेल हुई, अब भाजपा आदिवासियों को लड़ाना चाहती है : इरफान अंसारी

जामताड़ा : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से एक स्थानीय शिष्टमंडल ने मुलाकात की और भोगनाडीह में हूल दिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा किए गए उकसावे और माहौल बिगाड़ने की कोशिशों की तीखी निंदा की।

शिष्टमंडल ने मंत्री को बताया कि इस शर्मनाक घटना से संपूर्ण आदिवासी समाज में आक्रोश है और यह सिद्धू-कान्हू की बलिदान स्थली का अपमान है।

डॉ. अंसारी ने इस घटना को लेकर गंभीर चिंता जताई और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा “भाजपा श्रद्धांजलि देने नहीं, माहौल बिगाड़ने भोगनाडीह पहुंची थी। यह एक सोची-समझी साजिश थी — झारखंड की एकता, आदिवासी अस्मिता और हेमंत सरकार की स्थिरता पर हमला।”

उन्होंने आगे कहा कि “जब हिन्दू-मुसलमान को आपस में लड़ा कर सत्ता नहीं मिली, तो अब भाजपा आदिवासियों को आपस में लड़ाने की कोशिश कर रही है। लेकिन झारखंड की ज़मीन पर यह साजिश सफल नहीं होने वाली।”

मंत्री डॉ. अंसारी ने यह भी कहा कि वह जल्द ही इस साजिश के पीछे शामिल चेहरों को बेनकाब करेंगे।

यह कोई सामान्य हंगामा नहीं था, बल्कि एक सुनियोजित हमला था सिद्धू-कान्हू की विरासत और झारखंड की सामाजिक समरसता पर। भाजपा की नफरत की राजनीति यहां काम नहीं आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *