विजय शाह का बयान राष्ट्र और नारी शक्ति का अपमान: झारखंड कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे का कड़ा विरोध
रांची: मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ दिए गए शर्मनाक और अपमानजनक बयान को लेकर देशभर में आक्रोश की लहर है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने इस बयान की तीव्र निंदा करते हुए कहा है कि यह बयान न केवल भारतीय सेना का, बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति और राष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था का गहरा अपमान है।
विजय शाह ने अपने बयान में कहा कि “कर्नल सोफिया पाकिस्तानियों और आतंकवादियों की बहन है” और यह भी कहा कि “मोदी जी कपड़े उतार नहीं सकते थे, इसलिए उसको भेजा गया।” इस बयान को लेकर आलोक कुमार दूबे ने कहा कि यह घिनौनी, अमर्यादित और राष्ट्रविरोधी सोच का परिचायक है, जो यह दिखाता है कि भाजपा के नेताओं के मन में भारतीय सेना, महिलाओं और राष्ट्र सेवा में समर्पित सैनिकों के प्रति कोई सम्मान नहीं है।
आलोक दूबे ने कहा कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना की एक गर्वशाली अधिकारी हैं, जिन्होंने देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित किया है। उन्हें आतंकवादियों से जोड़ना न केवल उनकी शौर्यगाथा का अपमान है, बल्कि यह देश की हर बेटी, हर सैनिक और हर नागरिक का अपमान है। भाजपा के मंत्री जिस स्तर तक गिर सकते हैं, यह बयान उसका निम्नतम उदाहरण है।”
उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व को तुरंत इस बयान पर माफी मांगनी चाहिए और विजय शाह को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
आलोक दूबे ने कहा कि यह बयान सिर्फ एक महिला अधिकारी पर नहीं, बल्कि भारतीय सेना की वर्दी पर कीचड़ उछालने जैसा है, और कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि यदि इस पर भाजपा ने चुप्पी साधी रखी, तो यह स्पष्ट होगा कि यह बयान भाजपा की ही सोच का हिस्सा है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस मुद्दे को लेकर पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन और जनजागरण अभियान चलाएगी।
आलोक दूबे ने देशवासियों एवं राज्यवासियों से अपील की है कि वे इस मानसिकता का खुलकर विरोध करें और सेना के सम्मान और देश की नारी शक्ति के लिए एकजुट होकर खड़े हों।

