TRENDING NOW

तोरपा और मुरहू में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का किया शिलान्यास

खूंटी: केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने शुक्रवार को तोरपा और मुरहू प्रखण्ड क्षेत्र में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का शिलान्यास किया। उनके साथ पद्म भूषण सह पूर्व लोक सभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा एवं तोरपा विधायक कोचे मुंडा थे।
तोरपा प्रखंड के सारिदकेल एवं  मुरह प्रखंड के गम्हरिया ग्राम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया है।
मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक दौर में बच्चों को जो शिक्षा प्राप्त होनी चाहिए वो शिक्षा सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे-बच्चियों को भी मिल सके। उन्होंने कहा कि उक्त विद्यालय में नामांकन के पश्चात विद्यार्थियों को पूरी तरह से नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी। प्रत्येक स्कूल में  480 बच्चे-बच्चियों का एडमिशन  लिया जाएगा। विद्यालय में कम्प्यूटर,स्मार्ट क्लास, विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।  उन्होंने कहा कि झारखंड सहित भारत के जनजातीय आबादी वाले  राज्यों के विभिन्न प्रखंडों में  740 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय  का निर्माण  कार्य कराया जा  रहा है। उन्होंने बताया कि एक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के निर्माण पर 38 से 48 करोड़ की राशि खर्च होगी। उन्होंने कहा कि देश में  एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के निर्माण में 30,हजार करोड़ राशि की जाएगी।  उन्होंने कहा कि झारखंड के खूंटी जिले में  एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की स्थापना  आजादी की लड़ाई में अपनी आहुति देने वाले भगवान बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।  जिला के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में  शिक्षा प्राप्त कर जनजातीय बच्चे-बच्चियाँ भविष्य में राष्ट्र का आदर्श नागरिक के रूप में बड़े पदों पर नौकरी प्राप्त कर देश  की सेवा करें,इसी को लक्ष्य कर उक्त विद्यालयों की स्थापना की जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा  एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड में खूंटी पहला जिला जहां शीघ्र ही सदर अस्पताल में  सरकारी सीटी स्कैन की सुविधा बहाल की जाएगी।
माननीय केन्द्रीय मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों के गठन एवं उन्हें सक्रिय बनाने पर जोर देते हुए कहा कि  उनके द्वारा  बनाए जाने वाली वस्तुओं की बिक्री हेतु  बाजार उपलब्ध कराने  की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि खूंटी जिला के अधिकांश लोगों का मुख्य पेशा खेती है। इसलिए हम सबों मिलकर किसानों के विकास के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि  आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए  खूंटी जिले के 254 गांवों का चयन किया गया है और  इसकी राशि भी राज्य सरकार को उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने  कहा कि गांवों के विकास के लिए योजनाओं का चयन ग्रामीणों के सहयोग से हो और ऐसी योजनाओं का चयन करें, जिसका लाभ सभी लोगों को मिले।
कार्यक्रम के दौरान  लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष पद्मभूषण श्री कड़िया मुंडा ने कहा कि एकलव्य विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इस दिशा में प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के विद्यालय पहले ही खुल जाने चाहिए थे, लेकिन इस ओर पूर्ववर्ती सरकारों ने ध्यान नहीं दिया।
शिलान्यास समारोह  को संबोधित करते हुए तोरपा के विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि एकलव्य विद्यालय खोलकर अर्जुन मुंडा ने शिक्षा का दीप जलाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद ही ऐसे स्कूल खुल जाने चाहिए थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और इस क्षेत्र में शिक्षा का उतना विकास नहीं हो सका, जितना होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय का आज शिलान्यास हुआ है, उसका निर्माण भी जल्द होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया है कि वे अच्छे नागरिक बनें।
 कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक, आइटीडीए संजय भगत ने किया। मौके पर उप विकास आयुक्त नीतीश कुमार सिंह, जिला सांसद प्रतिनिधि  मनोज कुमार  सहित काफी  संख्या में अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *