झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर मुख्य कार्यक्रम मोरहाबादी मैदान में 15-16 को ,डीसी-एसएसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी

गणादेश,रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर पूरे राज्य में उत्सव का माहौल है। रजत जयंती समारोह का मुख्य आयोजन 15 और 16 नवंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में होगा। गुरुवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष समारोह को भव्यता और ऐतिहासिक गौरव के साथ मनाया जाएगा। 15 नवंबर को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल मुख्य अतिथि होंगे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शुरू होगा और आम लोगों से 1 बजे तक पहुंचने का आग्रह किया गया है।
16 नवंबर को राज्यभर से आए 4000 लोक कलाकारों, 10 झांकियों और पारंपरिक नृत्य दलों की भागीदारी के साथ ‘झारखंड जतरा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर से शुरू होकर बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान तक जाएगी। शाम 4 से 8 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें झारखंडी लोककला, नृत्य, संगीत और प्रसिद्ध गायिका का विशेष प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा। पहली बार राजधानी में ड्रोन शो का भी आयोजन किया जाएगा।
मोरहाबादी मैदान में दो दिनों तक प्रदर्शनी लगेगी, जिसमें झारखंड की विरासत और विकास यात्रा को दर्शाया जाएगा। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को समर्पित विशेष प्रदर्शनी भी होगी। उपायुक्त ने कहा कि यह राज्यवासियों का उत्सव है, हर नागरिक इसमें गर्व और उल्लास के साथ शामिल हो।
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए आठ स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा और वाहन पार्किंग, पेयजल व मोबाइल टॉयलेट की विशेष व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *