टीचर आफ द मंथ अवार्ड के लिए शिक्षक अर्जुन केशरी और शिल्पी का चयन, मिलेगा प्रशस्ति पत्र
भागलपुर। शिक्षा विभाग द्वारा भागलपुर जिला अंतर्गत खरीक प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय लोदीपुर के शिक्षक अर्जुन केशरी और मवि सैनो, जगदीशपुर की शिक्षिका शिल्पी कुमारी का चयन मई माह के उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में किया गया है। प्रशस्ति पत्र अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ व प्राथमिक शिक्षा निदेशक के संयुक्त हस्ताक्षरित से भेजा गया है। बिहार शिक्षा विभाग ने जारी की टीचर ऑफ़ द मंथ की सूची, अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ ने कुल 67 शिक्षकों की सूची जारी की है।
अध्यापक अर्जुन केशरी व शिल्पी कुमारी अपने विद्यालय में नवाचार व बेहतर तकनीक के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक सुधार के लिए लगातार सक्रिय होकर प्रयासरत रहते हैं। मालूम हो कि टीचर ऑफ द मंथ अवार्ड शिक्षा विभाग का विशेष पहल है, जिसके माध्यम से पूरे राज्य के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत नवाचारी व उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहन मिलता है। यह पुरस्कार हर महीने उन शिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने शिक्षण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह पुरस्कार शिक्षा के क्षेत्र में सुधार व नवाचार को बढ़ावा देने में मदद करता है।
पुरस्कार मिलने पर बातचीत के दौरान शिक्षक अर्जुन केशरी व शिल्पी ने गणादेश को बताया कि यह पुरस्कार उनके लिए गौरव की बात है। विदित हो कि अर्जुन केशरी अपने विद्यालय के बच्चों को खेल आधारित रोचक गतिविधि के माध्यम से हिन्दी, गणित व अंग्रेजी के विभिन्न पाठों को आनंददायी माहौल में बताते हैं। वहीं शिल्पी भी बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय है। बच्चे इनके संग खेलते-कूदते, हंसते-गाते पढ़ाई करते हैं। गीत, संगीत व नृत्य के माध्यम से पठन – पाठन के कारण विद्यालय में बच्चों की बेहतर उपस्थिति रहती है ।



