जमीन लूट की हिस्सेदार बनी हुई है सरकार: सुदेश महतो

रांची/पेटरवार : सरकार जमीन लूट की हिस्सेदार बनी हुई है। झूठ की बुनियाद पर खड़ी इस सरकार से अब जनता को कोई उम्मीद नहीं है। पहले झूठे वादे, धोखाधड़ी और अब जनता को भरमाने का सिलसिला तेज हुआ है। पूरा राज्य सरकार के कारनामों से वाकिफ और दुखी है।

उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने पेटरवार स्थित पार्टी महासचिव सह गोमिया विधायक लंबोदर महतो के आवास पर आयोजित गोमिया विधानसभा स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने को कहा। पेटरवार के साथ ही उन्होंने डुमरी में भी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पार्टी के भावी कार्यक्रमों को सफल बनाने और विभिन्न रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने कहा कि सवालों, विषयों, नीतिगत मुद्दों को सुलझाने की बजाय उन्हें उलझाने की राजनीति ही इस सरकार की परिपाटी रही है। सत्तारूढ़ दलों ने झारखंड अलग राज्य आंदोलन को भी अपनी राजनीति के लिए लटका कर रखा था वरना यह आंदोलन बहुत पहले अपने मुकाम तक पहुँच जाता।

आजसू प्रमुख ने कार्यकर्ताओं को समय का आगाह कराते हुए कहा कि कुछ ही दिनों में विधानसभा चुनाव के समर में उतरना है। इसलिए समय- समय पर दिए गए टास्क को पूरे करते हुए जनता से सीधा संबंध बनाएं. सरकार की नाकामियां जनता के बीच बताएं।

सुदेश महतो ने कहा कि पिछले पांच सालों में गोमिया विकास के रास्ते पर तेजी से अग्रसर है। लोकसभा चुनाव में यहां की सम्मानित जनता ने हमें समर्थन और सम्मान दिया है। हम उनके प्रति आभार प्रकट करते हैं।

मौके पर लंबोदर महतो ने कहा कि आने वाले 100 दिन इस राज्य के बेहद महत्वपूर्ण है। हम सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ कार्य करना है और पार्टी द्वारा दिए गए दायित्व को पूरी निष्ठा के साथ पूरा करना है।

इस अवसर पर केंद्रीय महासचिव सह विधायक लम्बोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, सचिव अमरदीप महाराज, अजय सिंह, नमन ठाकुर, संतोष साव, बोकारो जिलाध्यक्ष सचिन महतो, अरविंद करमाली, अशोक सिंह, तापेश मेहता इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *