शहीदों को नमन: भागलपुर में निकली शहीद सम्मान यात्रा

भागलपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत अगस्त क्रांति की स्मृति में जनप्रिय भागलपुर और एक्शन एड एसोसिएशन (बिहार) के संयुक्त तत्वावधान में शहीद सम्मान यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी विचार विभाग में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि और सर्वधर्म प्रार्थना के साथ की गई।

इसके बाद यह सम्मान यात्रा अंबेडकर चौक, शहीद भगत सिंह स्मारक, दीप नारायण सिंह स्मृति स्थल, चंद्रशेखर आज़ाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, तिलकामांझी चौक और जीरो माइल स्थित वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा तक पहुंची। सभी स्थलों पर स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संयोजन गौतम कुमार (सचिव) द्वारा किया गया तथा अध्यक्षता जनप्रिय अध्यक्ष संजय कुमार ने की।

“अगस्त क्रांति ने आज़ादी की नींव रखी”

इस अवसर पर वक्ताओं ने अगस्त क्रांति के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि 1942 का भारत छोड़ो आंदोलन आज़ादी की दिशा में निर्णायक मोड़ था। महात्मा गांधी द्वारा दिया गया नारा “करेंगे या मरेंगे” पूरे देश में गूंज उठा। यह आंदोलन इतना व्यापक और जनसमर्थन से भरपूर था कि अंग्रेजी हुकूमत समझ गई थी कि भारत में अब शासन अधिक दिनों तक संभव नहीं है।

वक्ताओं ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि आज़ादी सिर्फ एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि समानता, भाईचारा और प्रेम पर आधारित समाज की सतत् स्थापना का संकल्प है। नई पीढ़ी को चाहिए कि वह आज़ादी के मूल्य, शहीदों के त्याग और देश की एकता को समझे और उसके संरक्षण के लिए हमेशा तत्पर रहे।

सम्मान यात्रा में रहे शामिल:

इस अवसर पर उज्ज्वल घोष, डॉ. जयंत जलद, सुभाष कुमार प्रसाद, श्रवण कुमार, रवि कुमार रोशन, संजय कुमार सिंह, गौतम कुमार, और शाहिद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *