‘रंग-ए-मिलाप – टू’: किशोरियों की सहभागिता और सशक्तिकरण को समर्पित सांस्कृतिक महोत्सव की तैयारी तेज
भागलपुर: समवेत कार्यालय, मिरजानहाट में सोमवार को समवेत कोर समूह की एक अहम बैठक सचिव सुनील कुमार साह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य केंद्र 7 नवंबर को होने वाले बहुचर्चित सांस्कृतिक आयोजन ‘रंग-ए-मिलाप – टू’ की तैयारियों की समीक्षा और आगे की रणनीति तय करना रहा।
बैठक में समवेत के निदेशक विक्रम ने बताया कि ‘रंग-ए-मिलाप’ संगठन का वार्षिक प्रमुख सांस्कृतिक कार्यक्रम है, जिसका लक्ष्य किशोरियों को एक ऐसा मंच देना है जहां वे अपनी रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समझ को खुलकर अभिव्यक्त कर सकें। इस वर्ष कार्यक्रम में सन्हौला व खरीक प्रखंड के समवेत द्वारा संचालित आठ ‘प्रेरणा केंद्रों’ की किशोरियां शामिल होंगी।
कार्यक्रम में कई आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी – नाटक ‘जब आवाज़ उठाएंगे, परिचर्चा ‘किशोरियाां और वर्तमान चुनौतियां,आदिवासी नृत्य और सामूहिक गीत। इसके अलावा, किशोरियों की पेंटिंग, पोस्टर और हस्तशिल्प कृतियों की प्रदर्शनी भी आयोजन का विशेष हिस्सा होगी, जो उनकी कला और कल्पनाशीलता को सामने लाएगी।
तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने के लिए एक संचालन समिति बनाई गई है, जिसमें छाया पांडेय, वर्षा ऋतु, सपना कुमारी, नूतन कुमारी, राहुल, आशा कुमारी, नीतू मुर्मू, करिश्मा कुमारी और पुष्पा कुमारी शामिल हैं। इसके साथ ही कार्यक्रम के लिए सहयोग राशि संकलन हेतु तीन सदस्यीय पैनल – विक्रम, सुनील कुमार मंडल और करूणा चोखानी का गठन भी किया गया है।
समवेत का कहना है कि ‘रंग-ए-मिलाप – टू’ सिर्फ एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि किशोरियों के आत्मविश्वास, अधिकारों और सपनों को नई दिशा देने वाला मंच साबित होगा।



