नशे के कारोबारी को पुलिस ने दबोचा, 80 हजार की नशे की खेप बरामद

रांची : पाकुड़ पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान के तहत शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। नगर थाना क्षेत्र के मालगोदाम रोड स्थित जर्जर बीड़ी श्रमिक अस्पताल के पास से पुलिस ने एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीपीओ डी.एन. आजाद ने किया।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार युवक नगर थाना क्षेत्र के किताझोर का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। जब्त खेप की अनुमानित बाजार कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि युवक लंबे समय से इस अवैध धंधे में शामिल था और स्थानीय स्तर पर युवाओं को नशे की आपूर्ति करता था।
पाकुड़ पुलिस ने साफ किया है कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ ने कहा कि जिले में लगातार नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्कूलों और कॉलेजों के बाहर सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से पाकुड़ में ब्राउन शुगर और अन्य नशे के पदार्थों की तस्करी के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और कई बार बड़ी खेप भी जब्त की जा चुकी है। प्रशासन का कहना है कि नशे का कारोबार न केवल युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है बल्कि समाज के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है।
इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष है और वे उम्मीद कर रहे हैं कि पुलिस की इस सख्ती से इलाके में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *