अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई एनसीओआरडी की बैठक , दिए आवश्यक दिशा निर्देश
खूंटी: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री दीपेश कुमारी की अध्यक्षता में एनसीओआरडी की बैठक हुई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा मादक द्रव्य पदार्थों के नियंत्रण हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पुलिस विभाग एवं एनसीओआरडी से संबंधित अधिकारियों द्वारा अफीम की खेती के मामले में की गई एफआईआर एवं अन्य कार्रवाई की जानकारी दी गई। प्रस्तुत प्रतिवेदनों के सभी बिंदुओं की अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा समीक्षा की गयी एवं सभी संबंधित अधिकारियों को अग्रेतर कार्रवाई हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये।
बैठक में थाना प्रभारी व अंचल अधिकारी को आपसी समन्वय के साथ अपने संबंधित क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती एवं अन्य मादक द्रव्य पदार्थों को चिह्नित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिले की सीमाओं एवं विद्यालयों के आस पास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं कार्रवाई को लेकर निर्देशित किया गया। साथ हीं विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में अफीम, ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थों को लेकर आवश्यक रूप से सघन छापामारी अभियान चलाया जाए, साथ ही मादक पदार्थों के खरीद-बिक्री करने वाले दोषियों के विरुद्ध भी त्वरित एवं विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। मादक पदार्थों के परिवहन पर भी विशेष निगरानी रखी जाए। मादक पदार्थों पर पूर्णतया विराम लगाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस मौके पर अपर समाहर्ता, एसडीपीओ,एनसीओ आरडी के सदस्य, कार्यपालक दंडाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



