मुरहू पहुंचे सांसद कालीचरण मुंडा,चुनाव जीताने के लिए मतदाताओं को किया प्रणाम…

खूंटी: लोकसभा चुनाव जीतने के बाद मतदाताओं का आभार जताने सांसद कालीचरण मुंडा मुरहू पहुंचे। मेन रोड पर स्थित गोड़ाटोली से ढ़ाई किमी पैदल चल कर उन्होंने मतदाताओं के सामने हाथ जोड़ा और मुरहू वासियों ने भी उनका गोड़ाटोली, मुरहू चौक, सरवादा मोड़ और डुडरी में भव्य स्वागत किया। मुरहू के लोगों ने कालीचरण मुंडा को फुल मालाओं से लाद दिया।
मुरहू के डुडरी में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने जिन उम्मीदों के साथ उन्हें अपना सांसद चुना है, उन उम्मीदों को पूरा करना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है, जिसे वे निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाना प्रमुख है। उन्होंने कहा कि खूंटी लोकसभा क्षेत्र के 85 प्रतिशत लोग किसान हैं। उनका पूरा जीवन खेती-बारी पर निर्भर है। खेतों को पानी मिलेगा, तो किसानों के खेतों में हरियाली व घरों में खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को बाजार उपलब्ध कराने का काम भी उनके द्वारा किया जाएगा, ताकि किसान अपने उत्पाद अच्छे मुल्य में बेच सकें। सांसद ने कहा कि संपुर्ण लोकसभा क्षेत्र में शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
पंचायत सचिवालयों को किया जाएगा क्रियाशील
जनता को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए पंचायत सचिवालयों का क्रियाशील होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बड़ी दु:ख की बात है कि आज अधिकांश पंचायत सचिवालय सप्ताह में एक दिन खुलते हैं। कईपंचायत ऐसे भी हैं, जहां पंचायत सचिवालय भवन ही नहीं है। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवों की बहाली कराने के साथ पंचायत सचिवालयों को क्रियाशील किया जाएगा, जिसके बाद गांवों की 95 प्रतिशत समस्याओं का सामधान पंचायत स्तर पर ही हो जाएगा। उन्होंने ग्रामसभा को जागरूक कर सशक्त बनाने की बात भी कही।
इंडिया गठबंधन के धर्म को निभाऊंगा
सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने खूंटी सीट में ऐतिहासिक जीत हासिल की है। जनादेश का एक नया कीर्तिमान कायम किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से किया गया एक-एक वादा वे निभाने का काम करेंगे। उन्होंने अपनी जीत को जनता की जीत बताया है।
कार्यक्रम में मुख्य रुप से जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा, सुशील संगा, पीटर मुन्डू, विल्सन तोपनो, दयामनी बारला, मसीह गुड़िया, फतीमा कंडीर, पौलुस बोदरा, धर्मदास कंडीर, नईमुद्दीन खान, राजद के जिलाध्यक्ष शहजादा खां, सनिका बोदरा, पौलुस पूर्ति, जॉन हेरेंज, एडवर्ड हंस, सुरजू हस्सा, विजय कुमार स्वांसी समेत बडी संख्या में इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
राहुल गांधी की जयंती मनी
कार्यक्रम के उपरांत राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर कालीचरण मुंडा ने केक काटा और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं को केक खिलाया। सबने एक स्वर में कहा हैप्पी बर्थ डे टू राहुल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *