मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कांग्रेस कार्यालय में लगाया जनता दरबार,सुनी लोगों की समस्याएं
रांची : प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हेमंत सोरेन सरकार में कांग्रेस कोटे के मंत्री के द्वारा प्रत्येक सोमवार को जनता दरबार लगाया जा रहा है. इसी के तहत आज सोमवार को ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पाण्डेय ने कांग्रेस मुख्यालय में जनता दरबार लगाया.
इस दौरान मंत्री ने नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार के माध्यम से मंत्री ने आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी व्यक्ति की समस्या अनसुनी न रहे। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि झारखंड सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के हर नागरिक को लालफीताशाही, जटिल प्रक्रियाओं और उपेक्षा से मुक्त एक सुलभ, पारदर्शी और उत्तरदायी प्रशासन मिले।
श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने कहा, “जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। हम इस भरोसे को कायम रखने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और प्रशासन को जनसरोकारों के प्रति और अधिक संवेदनशील बनाएंगे।
मंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्तियों तक राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं का लाभ दिलाना हमारा उद्देश्य है. हमारे अधिकारी गाँव-गाँव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं. जनता दरबार में ग्रामीण क्षेत्रों से आए अनेक लोगों ने अपने आवास, पेंशन, शौचालय, सड़क, जलापूर्ति और पंचायत स्तरीय योजनाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिन पर तत्परता से संज्ञान लेते हुए मंत्री महोदया ने समाधान की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।



