दिल्ली में वेदांत कौस्तव और चिराग पासवान की मुलाकात, समिट का न्योता
रांची: दिल्ली स्थित पंचशील भवन में शुक्रवार को अबुवा अधिकार मंच के फाउंडर वेदांत कौस्तव ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान वेदांत कौस्तव ने रांची में आयोजित होने वाले पर्यावरण समिट में शामिल होने के लिए चिराग पासवान को औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि यह समिट पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और स्थानीय संसाधनों के संरक्षण जैसे अहम विषयों पर केंद्रित होगा।
दोनों के बीच राज्य की राजनीति में युवाओं की भूमिका को लेकर भी विस्तार से बातचीत हुई। वेदांत कौस्तव ने कहा कि झारखंड में युवा तेजी से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हो रहे हैं, जो राज्य के विकास के लिए सकारात्मक संकेत है।
चिराग पासवान ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को आगे आकर नेतृत्व करना चाहिए और समाज के विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने समिट में शामिल होने पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
यह मुलाकात झारखंड में पर्यावरण और युवा सशक्तिकरण को लेकर एक अहम पहल मानी जा रही है।



