भगवान राम कुटिया से निकलकर महल में आ गए हैं, अब भारत में रामराज्य का आगाज होगा : राजनाथ सिंह

धनबाद: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को धनबाद लोकसभा के बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर 2सी स्थित दुर्गा पूजा मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ढुल्लू महतो को चुनकर संसद में भेजने पर आपकी आवाज को प्रभावित ढंग से उठाएंगे। इसलिए ढोलू महतो को रिकॉर्ड वोट से विजय बनाएं। खनिज संपदा की दृष्टि से सबसे धनवान राज्य झारखंड है। यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार आने के बाद भ्रष्टाचार बड़ा है। जिस गति से राज्य का विकास होना चाहिए, नहीं हुआ है। अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड अलग राज्य बनाया था। उनकी सोच थी कि यहां बड़ी संख्या में आदिवासी और गरीब रहते हैं। अलग राज्य बन जाने पर इसका तेजी से विकास होगा। यहां बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास भी मुख्यमंत्री रहे हैं। देश का कोई भी व्यक्ति नहीं कह सकता है कि इन मुख्यमंत्री के दामन पर भ्रष्टाचार का कोई दाग लगा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार बनते ही भ्रष्टाचार का सिलसिला शुरू हो गया। क्या अटल जी का यही सपना था कि भ्रष्ट लोग झारखंड में शासन की बागडोर संभालेंगे। मुख्यमंत्री की बात छोड़ दें, यहां मंत्री के पीएस के नौकर के पास भी नोटों की गड्डी मिल रही है। उनके सहयोगी के पास नोटों की गड्डियां मिल रही है। बिना मुख्यमंत्री के शह और प्रश्रय के इस तरह का काम नहीं हो सकता। आज ईडी ने उनको गिरफ्तार कर लिया है, तो कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार अपने सारे विरोधियों को प्रताड़ित करने की कोशिश कर रही है। मोदी जी के नेतृत्व की सरकार का कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार में पकड़ा जाता है, तो उसका स्थान भी जेल होगा। भ्रष्टाचार करने के बाद भी हमारी सरकार पर उल जलूल आरोप लगा रहे हैं। पहली बार मैंने सुना कि किसी राज्य का मुख्यमंत्री 24 घंटे के लिए गायब हो गया। ना झारखंड के लोगों को पता, ना एजेंसी को पता है। ढूंढा जा रहा था कि झारखंड के मुख्यमंत्री कहां हैं। आज वह जेल में हैं और कहते हैं कि सरकार ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है।

श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में हमेशा भ्रष्टाचारियों को शह दी जाती थी। प्रश्रय दिया जाता था। कहीं वोट पर उलटा असर ना पड़ जाए। ये लोग कांग्रेस पार्टी की राजनीति को प्रभावित करते थे। इसके कारण उन्हें प्रश्रय दिया जाता था। ईडी और सीबीआई इतनी बड़ी संस्था थी, लेकिन कांग्रेस के शासनकाल में केवल 32 लख रुपए जब्त की थी। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं करते थे। जब से नरेन्द्र मोदी पीएम बने हैं, तब से ईडी और सीबीआई ने 1 लाख करोड़ से अधिक के नोट जब्त किए हैं। 22000 करोड़ की संपत्ति भी जब्त की है। कांग्रेस ने 50-52 वर्षों तक हुकूमत की। उनके शासनकाल में क्यों नहीं करवाई हुई। वे अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस के शासनकाल में बैंकों की हालत भी खराब हो गई थी। हिंदुस्तान के सारे बैंक घाटे में चले गए थे। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार बैंक 3 लाख करोड़ के मुनाफे में आ गए हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने इस देश को तमाशा बनाकर रख दिया था। वर्तमान में सारी दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। कद ऊंचा हुआ है। पहले दुनिया के मंचों पर, अंतरराष्ट्रीय मंच भारत के लोग बोलते थे, तो भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था। आज अंतर्राष्ट्रीय मंच पर यदि भारत बोलता है तो सारी दुनिया खान खोलकर सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है। यह हैसियत पूरी दुनिया में भारत की बनी है। सारी दुनिया में भारत को सम्मान के नजरिए से देखा जाता है। रूस और यूक्रेन के बीच पिछले दो वर्षों से युद्ध चल रहा है। बड़ी संख्या में लोग मारे जा रहे हैं। यूक्रेन में भारत के हजारों बच्चे फंस गए थे। उनके माता-पिता चिंतित थे। प्रधानमंत्री मोदी से बच्चों को लाने की गुहार लगाई थी। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के राष्ट्रपति से बात की। रूस और यूक्रेन का युद्ध 4:30 घंटे के लिए रुक गया। यूक्रेन में फंसे बच्चे भारत आ गये। यह भारत की ताकत है। भारत की हैसियत है। भारत की ताकत और हैसियत को विरोधी दल के लोग नहीं समझते हैं। इसलिए सरकार पर झूठे आरोप लगाने की कोशिश करते हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का एक मंत्री भी भ्रष्टाचार के आरोप में पकड़ा जाएगा तो दूध की मक्खी की तरह निकाल कर मंत्रिमंडल से अलग कर दिया जाएगा। कांग्रेस की सरकारों को भी आपने देखा है। कई सरकारों में उनके मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। एक सरकार तो ऐसी है जहां भ्रष्टाचार के आरोप में मुख्यमंत्री को भी जेल की हवा खानी पड़ी थी, फिर भी उस पार्टी के साथ आज तक अपना गठबंधन कायम रखा है।

उन्होंने कहा कि ये लोग कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन गई और मोदी जी आ गए तो भारतीय जनता पार्टी आरक्षण को खत्म कर देगी। किसी की हिम्मत नहीं है कि भारत की आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त कर दें अथवा उसमें कोई कमी लाने की कोशिश करें। किसी भी सूरत में भारतीय जनता पार्टी से यह नहीं होने देगी। ये लोग धर्म के आधार पर आरक्षण देकर इस देश के अल्पसंख्यक को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। इनके चाहने के बावजूद धर्म के आधार पर आरक्षण किसी भी सूरत में नहीं दिया जा सकता है। भारत का संविधान इसकी इजाजत नहीं देता है।

भारतीय जनता पार्टी धर्म के आधार पर किसी से भेदभाव नहीं करती है। जनता की आंख में धूल झोंककर भारतीय जनता पार्टी ने कभी राजनीति नहीं की है। जनता की आंखों में आंखें डालकर राजनीति की है, लेकिन हमेशा इन लोगों ने जनता को धोखा दिया है। आरोप लगा रहे हैं कि मोदी जी को 400 से अधिक सीट मिल जाएगी तो तानाशाह बन जाएंगे। भारत का संविधान बदल देंगे। देश में चुनी हुई सरकार को भंग करने का काम कांग्रेस ने किया है। संविधान संशोधन कई बार किया। संविधान निर्माता ने यह कहा था कि चाहे कुछ भी हो आवश्यकता होगी तो थोड़ा बहुत संशोधन किया जा सकता है, लेकिन संविधान की आत्मा में कोई परिवर्तन नहीं होनी चाहिए। प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का चुनाव जब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अवैध घोषित कर दिया, तब उन्होंने इमरजेंसी लगा दी। लोगों को जेल में डाल दिया। साथ ही, संविधान की आत्मा को भी बदल दिया। झूठे आरोप लगा रहे हैं कांग्रेस और झामुमो में ताकत है तो जनता की आंख में धूल झोंककर नहीं, आंखों में आंख डालकर राजनीति करें।

उन्होंने कहा कि हमारी विश्वसनीयता पर कोई प्रश्नचिन्ह नहीं लग सकता है। दुनिया के लोग मानते हैं कि भारतीय जनता पार्टी सबसे विश्वसनीय पार्टी है‌। लोग कहते हैं कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जो कहती है वह करती है। 1951 में हम लोगों ने कहा था कि संसद में बहुमत मिलने पर धारा 370 हटा देंगे। बहुमत मिला तो करके दिखा दिया। 1984 से हम कहते आ रहे हैं कि हमारी सरकार बनी तो अयोध्या की धरती पर राम मंदिर बनेगा। हमने बनाकर दिखा दिया। कांग्रेस के लोग मजाक उड़ाते थे। कहते थे कि रामलला आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। आपने देखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्माचार्यों की मौजूदगी में भगवान राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कर दी। भगवान राम अपनी कुटिया से निकलकर महल में आ गए हैं। अब भारत में रामराज्य का आगाज होगा। दुनिया की कोई ताकत से रोक नहीं सकती है। लोग कहते हैं कि रामराज्य कैसे आ जाएगा। लोगों को जिस दिन अपनी जिम्मेवारी का एहसास हो जाएगा। उसी दिन रामराज्य आ जाएगा। दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती है। भारत लगातार धनवान होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पाक अपने रवैया से बाज नहीं आ रहा है, लेकिन जल्द ही आएगा। पाक अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा है और रहेगा। वहां के लोग ही मांग कर रहे हैं कि हम भारत का हिस्सा बनना चाहते हैं। जम्मू कश्मीर में धारा 370 खत्म होने के बाद तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ अपनी सरकार बनाने के लिए नहीं, देश के विकास के लिए राजनीति करनी चाहिए।

संविधान और आरक्षण से छेड़छाड़ कांग्रेस ने की है : बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड को भ्रष्टाचारियों से बचाना है। झारखंड की कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है। चोरी, डकैती, हत्या, अपहरण लगातार हो रहे हैं। कोई सुरक्षित नहीं है। कारोबारी को परेशान किया जाता है। इस राज्य में लगता है कि बदमाशों की सरकार चल रही है। पुलिस प्रशासन भी सरकारी आदेश का पालन कर उन लोगों को संरक्षण देते हैं। जो इस राज्य की जनता को संरक्षण नहीं दे सके, कानून व्यवस्था ठीक नहीं कर सके, ऐसे लोगों को जवाब देने की जरूरत है। इंडी गठबंधन के लोग जनता को दिग्भ्रमित कर रहे हैं कि मोदी जी 400 सीट लाकर संविधान को बदल देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि संविधान के कारण ही वे सांसद और प्रधानमंत्री बने हैं। भारतीय जनता पार्टी के रहते संविधान कभी नहीं बदल सकता है। संविधान को कांग्रेस पार्टी ने बदला है। इमरजेंसी लगाकर संविधान को कांग्रेस पार्टी ने खत्म करने का काम किया था। वे लोग कहते हैं कि आरक्षण को समाप्त कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री स्पष्ट कर चुके हैं कि किसी का आरक्षण समाप्त नहीं होगा। किसी को आरक्षण समाप्त करने भी नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस की राज्य सरकारों ने एसटी, एससी और ओबीसी का आरक्षण कम करके मुसलमान को आरक्षण दे दिया है। यह संविधान के विरुद्ध है। बाबा साहब अंबेडकर ने कहा था कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता है। संविधान से छेड़छाड़ कांग्रेस पार्टी करती है।

जो कृष्ण को लेकर आने वाले हैं, हमें उनको लेकर आना है : अमर कुमार बाउरी

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि यह चुनाव देश का है। वोट करते समय ध्यान रखें कि देश किनके हाथ में सुरक्षित है। देश का विकास कौन कर रहा है। उनके लिए कमल का बटन दबाएं। जो राम को लाए हैं, हम उनको लेकर आएं। जो कृष्ण को लेकर आने वाले हैं, हमें उनको लेकर आना है।
इस अवसर पर प्रत्याशी ढुल्लू महतो, विधायक बिरंची नारायण, भानु प्रताप शाही, लोकसभा प्रभारी सुरेश साहू, बोकारो जिला अध्यक्ष जयदेव राय भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *