Khunti News : स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान कर जिला प्रशासन ने दिया स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश
गणादेश,खूंटी : 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। माननीय विधायक खूँटी श्री राम सूर्या मुण्डा, उपायुक्त श्रीमती आर. रॉनिटा समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी, नगर पंचायत, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल तथा सीआरपीएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से राजा तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में श्रमदान किया।
अभियान में पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो, उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, डीपीआरओ पंचायतीराज, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, डीपीएम-जेएसएलपीएस, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, सफाई मित्र, जल सहिया तथा बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवान उपस्थित थे। सभी ने मिलकर क्षेत्र से कचरा, प्लास्टिक, झाड़ियां एवं अन्य अवशेष हटाकर राजा तालाब परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया।
इस दौरान उपायुक्त आर. रॉनिटा ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और कहा कि हमें निरंतर श्रमदान कर अपने जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना है। सामूहिक प्रयासों के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी स्वच्छता के प्रति योगदान देना आवश्यक है। प्लास्टिक का उपयोग कम करें और लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने श्रमदान में सक्रिय भागीदारी के लिए सभी अधिकारियों, कर्मियों, सीआरपीएफ जवानों, सफाई मित्रों एवं जल सहिया के प्रति आभार प्रकट किया और खूंटी जिले को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के संकल्प को दोहराया।



