झारखंड मुख्यमंत्री माईयां सम्मान योजना से भाजपा में घबराहट: सुप्रियो

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। मंगलवार को जेएमएम कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री माईयां सम्मान योजना से भारतीय जनता पार्टी में घबराहट है। इस योजना के प्रति महिलाओं में काफी उत्साह है। महिलाएं बढ़ चढ़ कर अपना आवेदन दे रही हैं। इस योजना की लोकप्रियता से भाजपा के नेता अनर्गल बयान दे रहे हैं। शुरू में सर्वर डाउन होने के कारण योजना का काम थोड़ा धीमा हुआ था।लेकिन बाद में इसे ठीक कर लिया गया है।इस योजना से महिलाओं को साल में बारह हजार रुपए मिलेंगे। महिलाएं इस योजना से काफी उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी पहले डेमोग्राफी मुद्दा ले कर आई और वह फेल हो गया। अब बीजेपी को मुद्दा नहीं मिल रहा है।
राज्य सरकार की सौ से अधिक योजना जब धरातल पर उतर रही है तो बीजेपी पूरी तरह से घबरा गई है।
श्री भट्टाचार्य ने राज्य सरकार की योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि यहां के आदिवासी और मूलवासी को इसका लाभ मिल रहा है।
यहां पर अधि आबादी सशक्त हुई है। यह भारतीय जनता पार्टी के लिए बहुत बड़ा धक्का है। बीजेपी के महिला आरक्षण का अब कही कोई जिक्र नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जो कहते हैं वह जरूर करते हैं।
रोजगार के क्षेत्र में राज्य के लाखों युवाओं की नियुक्ति हुई है और यह सिलसिला जारी है।
यह सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण पर पूरी तरह से केंद्रित है। क्योंकि जबतक महिलाएं आत्म निर्भर नहीं बनेगी तबतक आगे आने वाली पीढ़ी सशक्त नहीं होगी।
वहीं एक सवाल के जवाब में श्री भट्टाचार्य ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि पीएम मोदी हर साल दो करोड़ लोगों को नौकरी देने वाले थे वह क्या हुआ। केंद्र सरकार झारखंड का एक लाख 36 हजार करोड़ रुपए जी एस टी का बकाया नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि सहायक पुलिस कर्मियों का आंदोलन अब ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगा। कुछ तत्व उनको गुमराह कर रहे हैं। रघुवर सरकार के पापों का वहां प्रदर्शन हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *