निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान
खूंटी: स्वास्थ्य विभाग के द्वारा निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे की लत के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशा-मुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रोत्साहित करना था।
अभियान के तहत मेन रोड खूँटी सहित जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जागरूकता रैली, पोस्टर प्रदर्शन एवं जनसंवाद के माध्यम से लोगों को जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नशे के कारण होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक क्षति के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, चिकित्सकगण, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित रहे। सिविल सर्जन ने कहा कि “नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे परिवार एवं समाज पर उसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से लोगों में जागरूकता आएगी और समाज नशा-मुक्त होने की दिशा में अग्रसर होगा।”



