एसएम कॉलेज में कॉमर्स विभाग की छात्राओं को दिया गया फेयरवेल
भागलपुर। एसएम कॉलेज में बुधवार को कॉमर्स विभाग के तत्वावधान में स्नातक (पार्ट थ्री) की छात्राओं को भावभीना फेयरवेल समारोहपूर्वक दिया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज की प्रभारी डॉ. अनुराधा प्रसाद, टीएमबीयू के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) डॉ. दीपक कुमार दिनकर, कॉमर्स विभाग के शिक्षक डॉ. चंदन कुमार, निधि कुमारी, डॉ. धीरेन्द्र कुमार, डॉ. डिम्पल रानी, डॉ. नेहा कुमारी एवं डॉ. हिमांशु शेखर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन और फीता काटकर किया। इस अवसर पर पार्ट थ्री की सभी छात्राओं को मोमेंटो एवं रिबन भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज की प्रभारी डॉ. अनुराधा प्रसाद ने कहा कि छात्राएँ कठिन परिश्रम और समर्पण से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। उन्होंने छात्राओं को जीवन में अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के महत्व को भी रेखांकित किया।
टीएमबीयू के पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर ने कहा कि कॉमर्स एक अत्यंत लोकप्रिय और जॉब ओरिएंटेड विषय है। इसमें करियर की अपार संभावनाएँ हैं। उन्होंने कहा कि कॉमर्स के विद्यार्थी कभी बेरोजगार नहीं रहते। सरकारी सेवाओं के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी अकाउंटिंग विशेषज्ञों की भारी माँग है। देश और विदेश दोनों जगह इस क्षेत्र के विशेषज्ञों की आवश्यकता बनी रहती है।
उन्होंने छात्राओं को बी.कॉम. के बाद एम.कॉम., लॉ, कॉरपोरेट सेक्टर, एम.बी.ए., बी.एड., सिविल सर्विसेज आदि के लिए प्रयास करने को प्रेरित किया। साथ ही चार्टर्ड एकाउंटेंसी (सीए) और कंपनी सेक्रेटरी (सीएस) को भी उज्जवल विकल्प बताया। डॉ. दिनकर ने यह भी कहा कि सच्चा सामाजिक परिवर्तन शिक्षा के माध्यम से ही संभव है।कॉमर्स विभाग के शिक्षक डॉ. चंदन कुमार एवं निधि कुमारी ने छात्राओं को अनुशासित जीवन जीने और अपने लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें देश और समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। इशिका ने नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सूफी परवीन, साक्षी और दिव्या ने मनमोहक गीतों की प्रस्तुति दी।
मंच संचालन अंशु कुमारी और पूजा कुमारी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में फरजाना खातून, फारिया आलम, सुषमा कुमारी, दिव्या भारती आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।



