तोरपा प्रखंड में पांच दिनों से हाथियों का डेरा, ग्रामीणों में भय का माहौल
खूंटी : तोरपा प्रखंड के फटका पंचायत अंतर्गत डेरांग और चुरदाग क्षेत्र में बीते पांच दिनों से हाथियों का एक विशाल झुंड डेरा डाले हुए है। करीब 25 हाथियों का यह झुंड बगीचों और खेतों में लगातार विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों के बीच भय और दहशत का वातावरण है। स्थिति यह है कि लोग खेती-किसानी और रोजमर्रा के कामों के लिए भी खेत-खलिहान की ओर जाने से कतराने लगे हैं।
ग्रामीणों की सुरक्षा और सहयोग के लिए जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया और उप मुखिया संघ के अध्यक्ष महमुद खान ने पहल की। उन्होंने संयुक्त रूप से ग्रामीणों के बीच हाथियों को भगाने के लिए आवश्यक सामग्री जैसे मोबिल ऑयल, पुराने टायर, पटाखे, तार और बोरियों का वितरण किया। साथ ही उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि हाथियों को छेड़ने या उकसाने की कोशिश न करें, जिससे अनहोनी की संभावना बढ़ सकती है।
पिछले पांच दिनों से ग्रामीण और वन विभाग की टीम मिलकर रतजगा कर रहे हैं और हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस अभियान में वन विभाग के रेंजर अविनाश लुगुन, संजय साहू, मनोज टूटी, नियर गुड़िया समेत अन्य पांच लोग सक्रिय रूप से जुटे हैं। बावजूद इसके हाथियों का झुंड अभी भी डेरांग-चुरदाग क्षेत्र में ही डटा हुआ है।
इस बीच, हाथियों को देखने के लिए सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच रहे हैं, जिससे भीड़ बढ़ने लगी है। जिला परिषद अध्यक्ष ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों को देखने के लिए न जुटें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की मौजूदगी से उनकी नींद हराम हो गई है और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों को जल्द से जल्द जंगल की ओर खदेड़ा जाए, ताकि लोग चैन की सांस ले सकें।



