जयपुर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में एसएम कॉलेज के डॉ. दिनकर निभाएंगे अहम भूमिका, बने सह-अध्यक्ष

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। एसएम कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग के सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर एवं टीएमबीयू के पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी अकादमिक मौजूदगी दर्ज कराने जा रहे हैं। राजस्थान के फागी (जयपुर) स्थित गवर्नमेंट कॉलेज में 22 से 24 दिसंबर तक आयोजित होने वाली इंडियन सोसाइटी ऑफ गाँधीयन स्टडीज (ISGS) की अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में वे एकेडमिक सेशन के सह-अध्यक्ष (Co-Chairperson) की जिम्मेदारी निभाएंगे।

कॉन्फ्रेंस के कन्वीनर प्रो. डॉ. सीताराम चौधरी और गवर्नमेंट कॉलेज फागी के प्रिंसिपल प्रो. टी. सी. बैरवा ने डॉ. दिनकर को औपचारिक आमंत्रण भेजा है। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन का केंद्रीय विषय ‘समावेशी विकास, मानवता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस : चुनौतियां और समाधान’ रखा गया है, जो आज के सामाजिक–तकनीकी परिदृश्य में अत्यंत प्रासंगिक माना जा रहा है।

डॉ. दिनकर ने बताया कि इस सम्मेलन की थीम मानवता, समानता और तकनीकी बदलावों के बीच संतुलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण विमर्श को जन्म देती है। समावेशी विकास को वे उस दृष्टिकोण के रूप में देखते हैं जो समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर देकर न्यायपूर्ण सामाजिक ढाँचे की स्थापना करता है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर महत्वपूर्ण भूमिका मिलने पर उन्होंने खुशी जताई। इससे पहले भी वे पश्चिम बंगाल के सलडीहा कॉलेज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता कर चुके हैं तथा काठमांडू, नेपाल में रिसर्च पेपर प्रस्तुत कर चुके हैं। बिहार समेत कई राज्यों के शैक्षणिक संस्थानों में वे invited lectures भी दे चुके हैं और निरंतर शोध गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। डॉ. दिनकर का यह चयन शिक्षा जगत में उनके निरंतर सक्रिय योगदान और शोध-उन्मुख दृष्टि का प्रमाण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *