जनजातीय महिलाओं के बीच निःशुल्क सिलाई मशीन का वितरण
खूंटी : अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, झारखंड के तहत स्वयं सहायता समूह के जनजातीय महिलाओं के बीच निःशुल्क सिलाई मशीन, मुख्यमंत्री साइकिल वितरण के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के मध्य साइकिल, मनरेगा अंतर्गत नवचयनित तकनीकी सहायकों तथा ग्राम रोजगार सेवकों के बीच नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन नगर भवन, खूंटी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद कालीचरण मुडा, उपायुक्त लोकेश मिश्रा, डीडीसी श्याम नारायण राम, परियोजना निदेशक, आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
समारोह में मनरेगा अंतर्गत संविदा आधारित 04 तकनीकी सहायक, 09 ग्राम रोजगार सेवक को नियुक्ति पत्र दिया गया। साथ ही स्वयं सहायता समूह के 218 जनजातीय महिलाओं को सिलाई मशीन एवं 24 विद्यार्थियों को साइकिल दिया गया। मौके पर सांसद काली चरण मुंडा ने कहा कि जिले में विकास के क्षेत्र में अच्छा कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस अपने कार्यों का और बेहतर निष्पादन करे। केवल कागजी कार्रवाई से योजनाओं को धरातल पर नहीं उतारा जा सकता है। उन्होंने डीडीसी से संचालित योजनाओं की लगातार निगरानी करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिला में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की काफी संभावनाएं हैं। प्रशासन ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के अवसर का सृजन कर बेरोजगार लोगों को स्वरोजगार का मौका उपलब्ध कराये। उन्होंने कहा कि खूंटी क्षेत्र के लाह की क्वालिटी सर्वोतम है। वनोपज से अच्छी आमदनी प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तरीके से खेती करने की अपील की। जेएसएलपीएस, खूंटी को उत्पादों की बिक्री हेतु ग्रामीणों के लिए बाजार उपलब्ध कराने में मदद करने को कहा गया। वही मौके पर उपस्थित माननीय विधायक, खूंटी श्री राम सूर्या मुडा ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए मेहनत के साथ कार्य करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग की 218 महिलाओं को किसी न किसी रूप से पूर्व में प्रशिक्षण दिया गया है, जिन्हें आज सिलाई मशीन दी जा रही है। उन्होंने महिलाओं से अपील किया कि वह सिलाई मशीन का उपयोग कर स्वरोजगार आरंभ करें। इन महिलाओं को पुनः 10 दिनों का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की भी बात कही गई। जिससे वह बेहतर तरीके से अपने स्वरोजगार को व्यवसाय का रुप देकर सभी अपनी आजीविका में संवर्धन कर सकें। जिला प्रशासन अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग की महिलाओं की आजीविका संवर्धन में हर सहयोग के लिए सदैव तत्पर है।
इस समारोह में जिला परिषद, खूंटी अध्यक्ष श्री मसीह गुड़िया, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री प्रमोद सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।



