रानियां प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय समेत निर्माणाधीन कार्यों का डीसी ने लिया जायजा

खूंटी : “सेवा का अधिकार सप्ताह” के तहत रनियां प्रखंड के डाहु पंचायत में आयोजित शिविर का उपायुक् आर० रॉनिटा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा प्रदत्त सेवाओं की उपलब्धता, लाभुकों की समस्याओं के समाधान और शिविर की समग्र व्यवस्था को बारीकी से परखा। उपायुक्त ने शिविर में उपस्थित आमजन से बातचीत कर यह सुनिश्चित किया कि उन्हें सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल सके।
शिविर में लगे विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करते हुए उपायुक्त ने उपस्थित कर्मियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कई आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि शिविरों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ वास्तविक लाभ भी मिल सके, ताकि इस अभियान का प्रभाव जमीनी स्तर पर सिद्ध हो।
शिविर में उपायुक्त ने लाभुकों के बीच ऑन द स्पॉट विभिन्न योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों का वितरण किया। उन्होंने आपूर्ति विभाग के अंतर्गत धोती, साड़ी व लुंगी, बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत बीज, मनरेगा के तहत जॉब कार्ड, दिव्यांगजन हेतु ट्रायसाइकिल, पेंशन स्वीकृति पत्र समेत कई अन्य परिसंपत्तियों का वितरण कर लाभुकों को सीधे तौर पर योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित इस तरह के शिविर लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
शिविर कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त ने रानियां प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय सहित क्षेत्र में संचालित विभिन्न कार्यों का भी स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, जनसेवा की गुणवत्ता और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रखंड-सह-अंचल अधिकारी श्री प्रशांत डांग से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा प्रणाली को मजबूत और सरल बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने क्षेत्र में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों एवं पूर्ण हुए कार्यों का जायजा लिया—अस्पताल भवन, सामुदायिक शौचालय, स्टेडियम, बस एवं टेम्पू स्टैंड, सब्जी मंडी, यात्री शेड आदि का अवलोकन किया। उन्होंने कई योजनाओं में निर्माण की गुणवत्ता, कार्य प्रगति और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय नागरिकों से संवाद किया, वहीं क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया का भी जायजा लिया।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी श्री प्रशांत डांग तथा रानियां थाना प्रभारी श्री विकास कुमार जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *