बाइक से डीसी-एसएसपी ने पूजा पंडालों में विधि व्यवस्था का लिया जायजा,दिए निर्देश

गणादेश,रांची: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री, एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बाइक से सोमवार को रांची शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा एवं रांची शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस निरीक्षण के क्रम में बकरी बाज़ार, अल्बर्ट एक्का चौक,OCC क्लब,बांग्ला स्कूल, हरमू चौक, बूटी मोड़, राजस्थान मित्र मंडल, सत्य अमर लोक, हरमू,चर्च रोड है। दुर्गा पूजा के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा, और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर डीसी ने सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, और अन्य आवश्यक सुविधाओं जैसे पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, और स्वच्छता का गहन निरीक्षण किया। साथ ही, उन्होंने पूजा समितियों के आयोजकों से मुलाकात कर उनकी तैयारियों और चुनौतियों पर चर्चा की।
वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने पुलिस बल की तैनाती, निगरानी व्यवस्था, और आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों, पुलिस पिकेट्स, और गश्ती दल की प्रभावी तैनाती पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा की सभी दुर्गा पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और निरंतर निगरानी करते रहे।
दुर्गा पूजा त्योहार के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन लागू किए गए है।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान आपातकालीन तैयारियां जैसे अग्निशमन, चिकित्सा सुविधा, और आपातकालीन सेवाओं का जायजा लिया।
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि दुर्गा पूजा रांची शहर का एक प्रमुख सांस्कृतिक और धार्मिक उत्सव है। हमारा लक्ष्य है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में इस पर्व का आनंद ले सकें। जिला प्रशासन सभी आवश्यक कदम उठा रही है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और शहर में सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हमारी टीमें 24×7 निगरानी कर रही हैं, और हम सभी से अपील करते हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *