डीसी आर रॉनिटा ने उद्यान विकास योजना अंतर्गत लाभुक किसानों के बीच मधुमक्खी पालन उपकरणों का वितरण किया
गणादेश,खूंटी : उद्यान विकास योजना के अंतर्गत आज जिला उद्यान कार्यालय, खूँटी परिसर में एक सरल एवं सार्थक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपायुक्त आर० रॉनिटा द्वारा चयनित लाभुक किसानों के बीच मधुमक्खी पालन से संबंधित विभिन्न उपकरणों का वितरण किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त आलोक कुमार भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लाभुक किसानों को मधुमक्खी बक्सा, मधुमक्खी छाता, एक्सट्रैक्टर सहित अन्य आवश्यक उपकरण प्रदान किए गए। अधिकारियों की मौजूदगी में उपकरण वितरण प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।
उपस्थित अधिकारियों ने किसानों को मधुमक्खी पालन से जुड़ी विभिन्न संभावनाओं और लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि मधुमक्खी पालन न सिर्फ शहद उत्पादन के माध्यम से अतिरिक्त आय का सशक्त साधन है, बल्कि परागण के जरिए कृषि उत्पादन में भी महत्वपूर्ण वृद्धि सुनिश्चित करता है। उद्यान विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही तकनीकी सहायता एवं संसाधनों की जानकारी भी किसानों को दी गई।
कार्यक्रम में जिला उद्यान पदाधिकारी महेश राम, जिला कृषि पदाधिकारी हृषिकेश कुमार तथा उप परियोजना निदेशक अमरेश कुमार उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किसानों को इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि इस पहल से जिले में मधुमक्खी पालन को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी बल्कि कृषि उत्पादन में गुणात्मक सुधार भी आएगा। यह प्रयास जिले में सतत एवं बहुआयामी कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में माना जा रहा है।



