डीसी ने मनरेगा पार्क एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण

खूंटी: उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने गुरुवार को कर्रा प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मनरेगा पार्क, कर्रा एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कर्रा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कर्रा में जिला परिषद द्वारा निर्मित मनोरंजन पार्क का उद्घाटन भी किया गया। निवासियों के लिए यह पार्क स्वास्थ्य व मनोरंजन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। पार्क में सभी आधुनिक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
इस दौरान मनरेगा पार्क का निरीक्षण कर विभिन्न उन्नत कृषि गतिविधियों एवं क्रियान्वित योजनाओं के संचालन हेतु दिशा-निर्देश दिए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कर्रा का निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की प्रधानाचार्य से विद्यालय में छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कर्रा प्रखंड के KGBV का निरीक्षण कर मेडिकल की तैयारी कर रही छात्राओं से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही छात्राओं के पठन-पाठन, उनके आवासन, आधारभूत संरचना एवं शिक्षण प्रणाली से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा – निर्देश दिए। उन्होंने ऑन लाइन/ ऑफ लाइन मेडिकल परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग कर रही छात्राओं से मिलकर उनके उत्साह एवं मनोबल को बढ़ाया। उपायुक्त ने उक्त छात्राओं की मांग पर ऑफ लाइन कोचिंग की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। साथ ही छात्राओं की मांग के आलोक में विद्यालय में आवश्यक संख्या में शौचालय एवं खेल मैदान की व्यवस्था हेतु आवश्यक कार्रवाई करने हेतु संबंधित अधिकारियों का निर्देश दिया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में पौधा रोपण भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *