मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पुलिस को सौंपे 1,485 आधुनिक वाहन, 12 नए थानों का ऑनलाइन शिलान्यास
रांची: राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री Hemant Soren ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा परिसर, रांची में आयोजित समारोह में झारखंड पुलिस को कुल 1,485 आधुनिक वाहनों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों में बनने वाले 12 नए अत्याधुनिक थानों का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर इन थानों की आधारशिला रखी और हरी झंडी दिखाकर पुलिस वाहनों को रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पुलिस की होती है। ऐसे में आधुनिक वाहनों की उपलब्धता से पुलिस की गतिशीलता, प्रतिक्रिया क्षमता और क्षेत्रीय निगरानी में काफी सुधार होगा। इससे किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई करना आसान होगा और आम जनता को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस आधुनिकीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई तकनीक और आधुनिक संसाधनों से लैस यह वाहन पुलिस बल की कार्यक्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में आधुनिक वाहनों का बेड़ा झारखंड पुलिस को एक साथ उपलब्ध कराया गया है, जो राज्य के 25 वर्षों के सफर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने झारखंड पुलिस के लिए कुल 1,255 पेट्रोलिंग वाहन और 1,697 दोपहिया वाहन स्वीकृत किए हैं। इनमें से पहले चरण में 636 पेट्रोलिंग वाहन और 849 दोपहिया वाहन विभिन्न जिलों और पुलिस थानों को सौंपे गए हैं। ये वाहन गश्ती, त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो सहित कई मंत्री, अधिकारी और झारखंड पुलिस के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।



