अवैध अफीम की खेती छोड़ वैकल्पिक खेती अपनाने हेतु जागरूकता अभियान जारी

खूंटी: जिला प्रशासन द्वारा आज अड़की प्रखंड के सिंदरी समेत अन्य क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अवैध अफीम की खेती के दुष्प्रभावों से आमजनों एवं किसानों को अवगत कराया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत किसानों को अवैध खेती को छोड़कर वैकल्पिक एवं लाभकारी फसलों की ओर प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि अवैध अफीम की खेती न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह समाज और स्वास्थ्य के लिए भी घातक है। किसानों को समझाया गया कि वे अफीम की खेती को छोड़कर ड्रैगन फ्रूट, टमाटर, बैगन, मूंग इत्यादि जैसी लाभकारी फसलों की खेती करें, जिससे उनकी आजीविका भी सुरक्षित रहे और समाज में सकारात्मक बदलाव आए। इस दौरान किसानों को जागरूक करने हेतु पम्पलेट का भी वितरण किया गया।
जिला प्रशासन का यह अभियान स्थानीय किसानों को वैकल्पिक खेती की ओर प्रेरित करने एवं क्षेत्र में सतत कृषि विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। इस दौरान किसानों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही कृषि योजनाओं एवं तकनीकी सहायता की जानकारी भी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *