मुरहू में एक करोड़ की लागत से बना मनोरंजन पार्क दो वर्षों से बंद,उप प्रमुख अरुण साबू ने की जिला प्रशासन ने पार्क चालू कराने की मांग

खूंटी: जिले के मुरहू प्रखंड में करीब एक करोड़ की लागत से निर्मित मनोरंजन पार्क पिछले दो वर्षों से बंद है। पार्क के अंदर रखे समान की हालत रखे रखे जर्जर हो गई है।पार्क का टेंडर होने के बाद भी ठेकेदार द्वारा इसका रख-रखाव नहीं किया गया। जिससे यह पार्क धीरे-धीरे कबाड़ में तब्दील होता जा रहा है। मॉर्निंग वॉकर,बड़े,बुजुर्ग और बच्चों को इस पार्क का लाभ नहीं मिल रहा है। उन लोगों के मन में अंदर ही अंदर जिला प्रशासन के प्रति गुस्सा उत्पन्न हो गया है। 2025 का अंत होने वाला है और नव वर्ष 2026 आगमन होने वाला है। पिकनिक के इस महीने में भी पार्क बंद होने से बच्चों की आंखों में मायूसी साफ झलकती है। जिस पार्क के निर्माण से बच्चों में खुशी और उत्साह था, वही आज बंद पड़ा है। प्रखंड स्तर पर महिलाओं और परिवारों के घूमने-फिरने के लिए यदि कोई एकमात्र स्थान था, तो वह यही मनोरंजन पार्क था, जिसे ठेकेदार की लापरवाही ने बर्बाद कर दिया है।
इस मामले पर मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने बताया कि मुरहू में एक भी मनोरंजन पार्क नहीं था। जिला प्रशासन से हम लोगों ने यहां पर मनोरंजन पार्क के लिए मांग किया था। जिस पर जिला प्रशासन ने जनहित को ध्यान में रखते हुए जिला परिषद मद से लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से मुरहू में एक मनोरंजन पार्क का निर्माण कराया और इसे जनता को समर्पित किया।
दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि जिला परिषद द्वारा निर्मित यह मनोरंजन पार्क पिछले दो वर्षों से आज तक नहीं खोला गया है।
उप प्रमुख ने इस गंभीर विषय को लेकर उपायुक्त खूंटी, उप विकास आयुक्त खूंटी, पंचायती राज पदाधिकारी खूंटी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मुरहू एवं कार्यपालक पदाधिकारी खूंटी को कई बार पत्र लिखकर शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
उप प्रमुख ने बताया है कि यदि जिला परिषद इस पार्क का संचालन करने में असमर्थ है, तो प्रखंड स्तर से इसका संचालन किया जाना चाहिए, ताकि सरकार द्वारा जनहित में लगाए गए करोड़ों रुपये व्यर्थ न जाएं। उन्होंने यह भी बताया कि ठेकेदार ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पार्क नहीं खोला जाएगा, क्योंकि खर्च अधिक है और आमदनी कम, जिससे उसे आर्थिक नुकसान होता है। इस विषय पर जिला परिषद की मुरहू पूर्वी एवं पश्चिमी क्षेत्र की सदस्यों ने भी ठेकेदार से पार्क खोलने का आग्रह किया, लेकिन ठेकेदार ने इसे अस्वीकार कर दिया। वहीं जिला परिषद सदस्य नेलानी देमता ने बताया कि यदि जिला परिषद खूंटी इस पार्क का संचालन नहीं कर सकती है, तो प्रखंड प्रशासन द्वारा इसे चलाया जाना चाहिए, ताकि जनता को इसका लाभ मिल सके।
मुरहू प्रखंड के लोगों ने कहा कि कि उप प्रमुख अरुण कुमार साबू द्वारा बच्चों के लिए पार्क निर्माण की पहल पूरी तरह जनहित में और सराहनीय कदम रहा। लेकिन इसे बंद कर कबाड़ में तब्दील किया जाना बेहद दुखद है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र पार्क खोलने और नियमित संचालन की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *