अजब-गजबः बैंक की कारसतानी, एक नाम का दो खाता नंबर, एक ने डाला पैसा, दूसरे ने निकाला
रांचीः झारखंड में राष्ट्रीयकृत बैंक ने अजब कारसतानी की है। यह मामला सिमडेगा का है। कोलेबिरा प्रखंड के लचडागढ स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा शाखा में एक नाम की दो महिलाओं ने अपना बैंक अकाउंट खोलने के लिए आवेदन किया। एक महिला का अकाउंट खुल गया। दूसरी का नहीं खुला। बैंक ने पहली महिला की पूछताछ पर दूसरी महिला का बैंक अकाउंट नंबर दे दिया।पहली महिला ने दूसरी महिला के बैंक अकाउंट में पैसे मंगा लिए। जबकि हकीकत में यह उसका बैंक अकाउंट नहीं था। खाते में पैसे देखकर दूसरी महिला ने पूरी राशि निकाल ली। अब पहली महिला अपने पैसे वापस लेने के लिए दर-दर भटक रही है। मामले की जानकारी होने के बाद अग्रणी जिला प्रबंधक बैंक कर्मचारियों की बजाए दोनों महिलाओं की गलती बता रहे हैं।
दोनों महिलाओं का एक ही नाम
दोनों महिलाओं का नाम मरियम कंडुलना है। गांव, पति का नाम और आधार कार्ड अलग है। इन दोनों महिलाओं ने लचड़ागढ़ ब्रांच में अपना खाता खोलने के लिए आवेदन किया। बैंक ने एक महिला का खाता खोला। दूसरी का नहीं खुल सका लेकिन पूछताछ में दोनों को एक ही बैंक अकाउंट नंबर के कागजात दे दिए गए। यह खाता वर्ष 2019 में खोला गया।
इस बीच एक महिला के पति की मृत्यु हो गई। पति की मौत के बाद एलआइसी का पैसा लेने के लिए महिला ने दूसरी महिला का बैंक अकाउंट नंबर अपना बताकर जमा कर दिया। एलआइसी ने दूसरी महिला के खाते में 1 लाख 28 हजार 900 रुपये भेज दिए। दूसरी महिला द्वारा यह सोच कर अपने खाते से पैसे निकाल लिए कि वह घर में मोबाइल कंपनी की ओर से लगाए गए टॉवर के बदले भेजे गए पैसे हैं। दोनों महिलाओं की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। महिला ने पैसे का इस्तेमाल अपना घर बनाने में कर दिया। अब दूसरी महिला अपने पैसे वापस लेने के लिए बैंक के चक्कर लगा रही है।

