उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला खेल एवं पर्यटन कार्यों की हुई समीक्षात्मक बैठक
लातेहार : उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला खेल एवं जिला पर्यटन से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन विकास एवं खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में नेतरहाट क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। साथ ही नेतरहाट क्षेत्र के होटल, लॉज एवं होमस्टे के पंजीकरण शुल्क एवं उपयोगिता शुल्क निर्धारण हेतु समिति का गठन करते हुए 15 जनवरी 2026 तक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त नेतरहाट क्षेत्र में पार्किंग स्थलों की पहचान एवं शुल्क निर्धारण हेतु भी समिति गठित कर प्रतिवेदन तैयार करने को कहा गया।
पर्यटन विकास को गति देने के उद्देश्य से नेतरहाट पर्यटन विकास प्राधिकरण कार्यालय के संचालन हेतु JAPIT के माध्यम से PMU, इको-टूरिज्म विशेषज्ञ एवं MIS cum Accountant के चयन का निर्णय लिया गया। साथ ही Chalet House, नेतरहाट में कार्यालय व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज एवं कैरम जैसे इंडोर खेलों की व्यवस्था कर उन्हें Pay & Play Mode पर संचालित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा प्रखंड स्तरीय निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियमों को यथाशीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि CSR मद से प्राप्त राशि के माध्यम से सभी बोर्डिंग एवं डे-बोर्डिंग खिलाड़ियों को शीघ्र खेल किट उपलब्ध कराई जाए।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, जिला खेल पदाधिकारी अनिमेष कुमार त्रिपाठी, नगर प्रशासक राजीव रंजन एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।



