खूंटी में खेल महोत्सव-2026 का आयोजन,26 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक चलेगा
खूंटी : जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, स्थानीय खेल प्रतिभाओं की पहचान करने एवं उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के निर्देशानुसार ‘खूँटी खेल महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव के तहत जिले में चरणबद्ध तरीके से विद्यालय, प्रखंड एवं जिला स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक विद्यालय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, 2 नवंबर से 6 नवंबर तक प्रखंड स्तर पर तथा 12 नवंबर से 14 नवंबर तक जिला स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम एवं एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में संपन्न होंगी।
खेल महोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों के बच्चे एवं स्थानीय खिलाड़ी पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं में फुटबॉल, हॉकी, दौड़, तीरंदाजी, बैडमिंटन, शूटिंग, कबड्डी, खो-खो सहित कई अन्य खेलों को शामिल किया गया है। विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों को अपनी खेल प्रतिभा एवं कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही, युवाओं एवं बच्चों में खेल के प्रति रुचि विकसित करना, खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा जिले में खेल गतिविधियों को नई दिशा देना भी इस महोत्सव का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन के माध्यम से जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं भविष्य में खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।


