स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026 का 22 अक्टूबर को होगा उद्घाटन
रांची: भारत की उपलब्धियों, वैज्ञानिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और सरकारी जनकल्याणकारी पहलों को प्रदर्शित करने वाली तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रदर्शनी ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ का आयोजन 22 से 24 अक्टूबर तक रांची क्लब लिमिटेड, रांची में किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष गंगवार और सांसद श्री आदित्य प्रसाद करेंगे।
परिचित फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस एक्सपो की परिकल्पना एवं पहल सांसद श्री आदित्य प्रसाद ने की है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं, संस्थागत उपलब्धियों और देश की विकास यात्रा से आम नागरिकों को अवगत कराना तथा राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
विकसित भारत @2047, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के राष्ट्रीय दृष्टिकोण से प्रेरित इस प्रदर्शनी में सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, वैज्ञानिक संस्थानों और विभिन्न विकास संगठनों की भागीदारी होगी।
एक्सपो में ICMR, CSIR, APEDA, BIS, BEE, CCL, राष्ट्रीय महिला आयोग, TRIFED, विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), RVNL, NALCO, टी बोर्ड इंडिया, NTPC माइनिंग लिमिटेड, ISRO, केंद्रीय जीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क, रांची तथा ICAR सहित कई प्रमुख संस्थान अपने कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगे।
प्रदर्शनी में स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, वैज्ञानिक अनुसंधान, ऊर्जा दक्षता, कोयला एवं खनिज संसाधन, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचे, जनजातीय विकास, महिला सशक्तीकरण और हस्तशिल्प सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत की प्रगति को दर्शाया जाएगा।
विद्यार्थियों, युवाओं, उद्यमियों, पेशेवरों और आम नागरिकों के लिए यह एक्सपो जानकारी, संवाद और सीखने का महत्वपूर्ण मंच होगा।
कार्यक्रम स्थल: रांची क्लब लिमिटेड, 5 क्लब रोड, रांची।
समय: प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक।


