FJCCI चुनाव : टीम तुलसी की स्थिति मजबूत, अध्यक्ष पद पर जीत की उम्मीद
रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का बहुप्रतीक्षित चुनाव रविवार सुबह नौ बजे से शुरू होगा और शाम पांच बजे तक मतदान चलेगा। चुनाव को लेकर व्यापारिक संगठनों और चैंबर सदस्यों के बीच उत्साह चरम पर है। इस बार चुनावी मैदान में टीम तुलसी पटेल, टीम मुकेश अग्रवाल और पी-21 के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। मतदान समाप्त होने के बाद रविवार देर शाम परिणाम घोषित होने की संभावना है।
चुनावी समीकरणों की चर्चा के बीच टीम तुलसी पटेल की स्थिति मजबूत बताई जा रही है। समर्थकों का दावा है कि तुलसी पटेल के लंबे संगठनात्मक अनुभव, व्यापारियों के साथ संवाद और विभिन्न वर्गों को साथ लेकर चलने की कार्यशैली का उन्हें लाभ मिल सकता है। अब चुनावी चर्चा में यह सवाल भी जोर पकड़ रहा है कि क्या तुलसी पटेल मजबूत बहुमत के साथ चैंबर की कमान अपने हाथों में लेने में सफल होंगे।
साथ लेकर चलने की नीति बनी ताकत
तुलसी पटेल के समर्थकों के अनुसार उनकी कार्यशैली किसी एक समूह या विचारधारा तक सीमित नहीं रही है। वे अलग-अलग व्यापारिक संगठनों और वर्गों के लोगों के साथ संवाद एवं समन्वय को प्राथमिकता देते हैं। व्यापारियों की समस्याओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर संवाद स्थापित करने और संगठन के भीतर सभी को साथ लेकर चलने की उनकी छवि को चुनाव में उनकी बड़ी ताकत माना जा रहा है।
अनुभव को बताया सबसे बड़ी पूंजी
चुनाव में तुलसी पटेल के समर्थक उनके अनुभव को सबसे बड़ी पूंजी बता रहे हैं। व्यापारियों की समस्याओं, चैंबर की गतिविधियों और विभिन्न स्तरों पर समन्वय की समझ के कारण उनकी उम्मीदवारी को लेकर सकारात्मक माहौल होने का दावा किया जा रहा है। समर्थकों को उम्मीद है कि यह समर्थन मतदान में भी दिखाई देगा और टीम तुलसी को बड़ी जीत मिल सकती है।
हालांकि चुनावी दावों और समीकरणों के बीच अंतिम फैसला चैंबर के मतदाता ही करेंगे। रविवार को होने वाले मतदान के बाद देर शाम आने वाला परिणाम ही यह तय करेगा कि FJCCI की नई कमान किस टीम के हाथों में जाती है।


