पलाश दीदी कैफे ग्रामीण महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता का सशक्त मंच : दीपिका पांडेय सिंह

रांची : झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को रांची स्थित रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में पलाश दीदी कैफे का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पलाश दीदी कैफे केवल झारखंड के स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों का केंद्र नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं के श्रम, हुनर, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर के अनुरूप प्रशिक्षण देने के बाद ऋण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अब उनके उत्पादों और सेवाओं को बाजार से जोड़कर स्थायी स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। ‘पलाश’ के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें बेहतर पहचान और उचित मूल्य दिलाने का प्रयास जारी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी आयोजनों और विभिन्न संस्थानों में पलाश से जुड़ी दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों और खाद्य सामग्री को प्राथमिकता मिले, इसके लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य पूरे राज्य में पलाश दीदी कैफे का विस्तार करना है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार मिल सके।
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पलाश दीदी कैफे इस अभियान की एक मजबूत कड़ी है। इसके जरिए लोगों को झारखंड के पारंपरिक स्वाद से जुड़ने का अवसर मिलेगा और ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को नए उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए मंच मिलेगा। उन्होंने बताया कि पलाश के विस्तार के अगले चरण में पलाश मार्ट शुरू किया जाएगा। रांची में राज्य के पहले पलाश मार्ट का उद्घाटन अगले छह महीनों के भीतर करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा जैविक उद्यान में भी जल्द एक और पलाश दीदी कैफे शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को व्यापक और संगठित बाजार मिलेगा। इस अवसर पर JSLPS के सीईओ अनन्य मित्तल, आईएएस अधिकारी अंजलि यादव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *