आईएचएम रांची में पर्यटन मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
रांची :होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम), रांची में राज्य के पर्यटन मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संस्थान के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मियों एवं सभी छात्र-छात्राओं ने एकत्रित होकर दिवंगत मंत्री की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण किया तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
शोकसभा में उपस्थित सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक-संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। आईएचएम रांची परिवार ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित भी की।
इस अवसर पर आईएचएम रांची के प्राचार्य डॉ. भूपेश कुमार ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संस्थान के विकास एवं उन्नयन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मंत्री जी एक दूरदर्शी, कर्मनिष्ठ एवं संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी थे। पर्यटन क्षेत्र के विकास के साथ-साथ आईएचएम रांची की प्रगति के लिए भी उनका मार्गदर्शन एवं सहयोग सदैव प्रेरणादायी रहा।डॉ. भूपेश कुमार ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके व्यक्तित्व, कार्यशैली और मार्गदर्शन की कमी लंबे समय तक महसूस होती रहेगी। उन्होंने कहा कि उनके योगदान को संस्थान सदैव स्मरण करता रहेगा और उनके आदर्शों एवं सकारात्मक सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा।


