चैम्बर चुनाव के लिए नामांकन 31 अगस्त से, 1 सितंबर शाम 4 बजे तक दाखिल होंगे नामांकन

रांची :फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार, 31 अगस्त 2026 से शुरू होगी। चैम्बर की कार्यकारिणी समिति एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए इच्छुक सदस्य 31 अगस्त को कार्यालय अवधि से लेकर 1 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की अवधि समाप्त होने के बाद शाम 4 बजे से नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी तथा वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 3 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है।
उक्त जानकारी देते हुए चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर ने कहा कि सभी प्रत्याशियों को नामांकन प्रपत्र के साथ वैध डीन (डायरेक्टर आइडेंटिफिकेशन नंबर) उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। बिना वैध डीन नंबर के नामांकन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही कॉरपोरेट अफेयर्स मंत्रालय के निर्धारित फॉर्म डीआईआर-2 एवं डीआईआर-8 को भी विधिवत भरकर नामांकन प्रपत्र के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि चैम्बर के ऐसे सदस्य, जिन्हें सदस्य बने एक वर्ष पूर्ण हो चुका है, ही चुनाव में प्रत्याशी बनने के पात्र होंगे। नामांकन प्रपत्र में प्रस्तावक एवं समर्थक के रूप में केवल चैम्बर के डायरेक्ट सदस्य ही मान्य होंगे।
चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने बताया कि चैम्बर की 12 सितंबर 2026 को आहूत 62वीं वार्षिक आमसभा से 30 दिन पूर्व तक बने आजीवन सदस्यों को ही इस चुनाव में मतदान का अधिकार होगा। अन्य श्रेणी के सदस्यों के लिए सदस्यता की अवधि न्यूनतम 90 दिन निर्धारित है। उन्होंने बताया कि कार्यकारिणी समिति एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रपत्र सीलबंद लिफाफे में 5000 रु० +18% जीएसटी (कुल 5,900 रु०) की नॉन-रिफंडेबल फीस के साथ चैम्बर कार्यालय में जमा किया जा सकता है। विदित हो कि फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की वार्षिक आमसभा 12 सितंबर 2026 को तथा सत्र 2026-27 के लिए चुनाव 13 सितंबर 2026 को स्थानीय मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची में आहूत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *