रांची में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने, अंडे, डंडे और पत्थर चले; पुलिस ने किया लाठीचार्ज,एक मीडिया कर्मी घायल

रांची: राजधानी रांची का हरमू रोड गुरुवार को उस समय राजनीतिक रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के समर्थकों के बीच जमकर नारेबाजी हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की, अंडेबाजी, पत्थरबाजी और डंडों के इस्तेमाल तक पहुंच गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता “सत्ता चोर, चंदा चोर, गद्दी छोड़” जैसे नारे लगा रहे थे, वहीं भाजपा कार्यकर्ता “राहुल गांधी चोर है” और “पप्पू है” जैसे जवाबी नारे लगाते नजर आए। दोनों पक्षों को रोकने के लिए सड़क पर बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन तनाव लगातार बढ़ता गया।
कांग्रेस का यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया था। बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता हरमू मैदान में एकत्र हुए और वहां से जुलूस की शक्ल में भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़े। इसी दौरान भाजपा समर्थकों से उनका आमना-सामना हो गया और विवाद हिंसक रूप ले बैठा।
गौरतलब है कि एक दिन पहले बुधवार को भाजपा ने जेपीएससी और भर्ती घोटालों के विरोध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया था। इसके जवाब में कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय घेराव का ऐलान किया था।
संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। भाजपा प्रदेश कार्यालय और उसके आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। अग्निशमन वाहन, वाटर कैनन और अन्य सुरक्षा संसाधन भी मौके पर मौजूद थे। हरमू रोड पर बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया गया था।
हंगामे के दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी तो लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर झारखंड की राजनीति फिलहाल गरमाई हुई है। भाजपा और कांग्रेस के बीच लगातार बढ़ता राजनीतिक टकराव अब सड़क पर भी खुलकर दिखाई देने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *