आजसू राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि एक आंदोलन का प्रतीक है: सुदेश महतो

रांची: हेमंत सरकार, सरकार नहीं शिकारी बन गई है। लोकतंत्र के मालिक जनता की चुनी सरकार चुनाव से पहले उसके मतदाताओं का शिकार करने के लिए सरकारी खजानों का चारा फेक रही है। हजारों युवाओं, बेरोजगारों का यह जुटान इस बात का गवाह है कि सरकार ने वादा खिलाफी के साथ उनके सपनों को कुचला है। नीति, नीयत और विश्वसनीयता के पैमाने पर विफल इस निकम्मी सरकार को सत्ता से बेदखल करने का समय आया है। युवा इसी संकल्प के साथ हर एक कदम बढ़ाते रहें। रविवार को युवा आजसू द्वारा रांची के प्रभात तारा मैदान में आयोजित झारखंड नवनिर्माण संकल्प सभा में पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने यह बातें कही। सभा में राज्य भर से हजारों शिक्षित बेरोजगार युवाओं ने शामिल होकर सरकार की वादाखि़लाफियों का हिसाब मांगा।
सुदेश कुमार महतो ने कहा कि शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने के लिए नीति, नीयत और विश्वसनीयता की आवश्यकता है। मौजूदा सरकार इन तीनों मापदंडों पर विफल रही है। हमारे युवा सड़कों पर हैं। युवा रोजगार मांग रहे हैं। इनके पास बीए की डिग्री है, इनके पास एमए की डिग्री है। इनके पास इंजीनियरिंग की डिग्री है, पॉलिटेक्निक की डिग्री है, हर आवश्यक डिग्री है लेकिन इनके पास नौकरी की डिग्रही नहीं है। और यही डिग्री सरकार को देनी थी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं से बेरोजगारी भत्ता का वादा किया था। अगर यह अपने वादे पर काम किए होते तो आज हर युवक को 4 लाख 20 हज़ार रुपया मिले होते। हेमंत सरकार ने सिर्फ राज्य को ही नहीं लूटा, जमीन व खदान को नहीं लूटा, बल्कि इन्होंने हर युवा के 4 लाख 20 हज़ार रुपया को भी लूटा है।
आजसू प्रमुख ने कहा कि सरकार ने कहा था दो हजार रुपये का चूल्हा भत्ता देंगे लेकिन अब जब चुनाव आ गया तो यह एक हजार का चुनावी भत्ता दे रहे हैं। सरकार अपने वादे अनुसार अभी तक हर महिला को दो हजार रुपए प्रति माह के दर से चूल्हा भत्ता दी होती तो अभी तक 5 वर्ष में हर महिला को एक लाख बीस हज़ार रुपए मिला होता। यह हजार रुपए महिला को भत्ता नहीं दे रहे हैं बल्कि हर महिला का एक लाख बीस हज़ार रुपए हड़प चुके हैं। महिलाओं को यह राशि हेमंत सरकार से मांगनी चाहिए।
सुदेश महतो ने कहा कि सरकार ने कहा था हर वर्ष जेपीएससी परीक्षाएं लेगी। लेकिन यह भी नहीं हुआ। सरकार ने कहा था युवाओं के पास नौकरियों की भरमार होगी लेकिन विगत पांच वर्षों में क्या हुआ? आंकड़ें बताते हैं कि हर वर्ष 5 लाख नौकरियों का दावा करने वाली इस सरकार के शासन काल में श्रच्ैब् ने 1033 लोगों को तथा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने 10,041 लोगों को नौकरियां दीं। इन्होंने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया।

5 लाख लोग रोजगार की तलाश में घरों से निकलते हैं
आज राज्य की कुल आबादी अनुमानतः 4 करोड़ है। इसमें काम काजी उम्र वालों की आबादी 1 करोड़ 47 लाख 2 हज़ार 184 है। यह ऐसे लोग हैं जो यह तो काम कर रहे हैं या काम की तलाश में हैं। इनमें 5 लाख लोग रोजगार की तलाश में घरों से निकलते हैं। इसमें शिक्षित, अशिक्षित, कुशल, अकुशल एवं हर प्रकार के कामकाजी उम्र के लोग शामिल हैं जो हर रोज घर से निकलते हैं और बिना एक रुपये कमाए वापस लौट जाते हैं।
हम एक राजनीतिक दल के रूप में झारखंड के लोगों की बुनियादी जरूरतों, सामाजिक सरोकारों, आर्थिक उन्नति, राजनीतिक चेतना एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए तथा उनके हक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

झारखंड अपने निर्माण के 24वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। लंबे संघर्ष एवं रक्त रंजित आंदोलनों से गुजर कर हम सब ने अलग झारखंड राज्य तो पा लिया लेकिन शहीदों के सपने के अनुसार तथा आंदोलन में शामिल हर वर्ग के उम्मीदों के अनुकूल यह राज्य निखर नहीं पाया।

उन्होंने कहा कि अब हेमंत सरकार, सरकार नहीं है, यह शिकारी बन गई है और लोकतंत्र के मालिक जनता की चुनी सरकार चुनाव से पहले उसके वोट का शिकार करने के लिए सरकारी खजाने का चारा फेंक रही है। आप फंसिएगा मत। अगर सरकार की नीयत सही होती तो इस सरकार ने बनने के बाद ही जनता को सारे लाभ दिए होते। ये राज्य चला नहीं रहे हैं, इसे चर रहे हैं। यह सरकार जो भी योजनाएं ला रही है ये कोई कल्याणकारी कार्यक्रम नहीं है, ये एक चुनावी नारा है। अगर इन्हें जनता की चिंता होती तो ये सारी योजनाएं सरकार बनते ही लागू हो जातीं।
दुर्भाग्य से आज जो राजनीतिक व्यवस्था राज्य को चला रही है उसकी प्राथमिकता राज्य निर्माण के आंदोलनकारियों के सपनों के अनुकूल नहीं है। आज हमारे अन्नदाता परिवार की मासिक आय मात्र 4800 रुपए है। आपने युवाओं की फौज को सड़कों पर पुलिस की गोलियां और लाठियां खाने को छोड़ दिया और अपनी कलंकित विरासत को आगे बढ़ाते हुए झारखंड के मूलवासी एवं आदिवासियों की जमीन लूटने के लिए दलालों की एक बड़ी फौज खड़ी की। उन्हें सरकारी संरक्षण देकर हज़ारों करोड़ रुपए की जमीन हड़पने का काम किया है। डिजिटल डैकती कर अपनी जमीन से मूल रैयत को बेदखल कर रही है सरकार। इन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों सभी को ठगने का काम किया है।
मौके पर केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष सह गिरिडीह सांसद ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार चौथी बार सरकार आपके द्वारा कार्यक्रम कर रही है। आज तक एक भी आवेदन का निष्पादन नहीं हुआ। अगर हुआ होता तो इन्हें चौथी बार यह कार्यक्रम करने की जरूरत नहीं पड़ती। आज यहां आए हज़ारों युवाओं ने इस निकम्मी सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लिया उसे हम सभी मिलकर पूरा करने का काम करेंगे।

पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने कहा कि राज्य की दिशा और दशा बदलने की क्षमता युवाओं में है। सरकार अपने वादों से मुकर गई है। इस निकम्मी सरकार पर विश्वास नहीं किया जा सकता है।

पार्टी के उपाध्यक्ष उमा कांत रजक ने कहा कि सुदेश महतो के विचारों को धरती पर उतारने के लिए काम करना है। इस वादाखिलाफी सरकार को उखाड़ फेंकना है। युवा शक्ति के साथ से से बदलाव लाने की तैयारी है।
केंद्रीय महासचिव सह गोमिया विधायक डॉ. लंबोदर ने कहा कि वर्तमान सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। बालू लूट, जमीन लूट इस सरकार की प्राथमिकता रही है। मुख्यमंत्री जी स्थानीय नीति, नियोजन नीति, विस्थापन नीति भूल गए। ऐसी सरकार को राज्य के युवा सत्ता से बेदखल करेंगे।
झारखंड नवनिर्माण संकल्प सभा से पूर्व आज के ही दिन 1980 में हुए गुवा गोलीकांड के शहीदों और अलग राज्य आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि झारखंड राज्य आंदोलन के महासमर की आज की तारीख एक महत्वपूर्ण तिथि है। आज ही के दिन आज से 44 वर्ष पूर्व गुवा में सभी नियमों और मापदंडों का उल्लंघन करते हुए अस्पताल से खींचकर आंदोलनरत झारखंडी आंदोलनकारियों को पुलिस ने गोलियों से भून दिया था। झारखंड अलग राज्य की मांग को लेकर गुवा में आंदोलनकारियों की आम सभा थी। जिसके अगुवा बहादुर उरांव, भुवनेश्वर महतो, लखन बोदरा, सुखदेव हेम्ब्रम, वैशाख गोप जैसे झारखंड के कितने वीर सपूत थे। गुवा गोली कांड की बर्बरता और निर्ममता के कारण परतंत्र भारत का जलियांवाला कांड भी पीछे छूट गया।
कार्यक्रम की शुरुआत से पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिभा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वहां से उन्होंने हजारों बेरोजगार युवाओं के साथ प्रभात मैदान स्थित सभा स्थल तक पदयात्रा की। इस दौरान हे। चार किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में अपने हाथों में नारों की तख्तियां लहराते युवा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। पदयात्रा में पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व विधायक कई पदाधिकारी भी शामिल हुए।

इस अवसर पर वरीय उपाध्यक्ष एवं गिरिडीह लोकसभा सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, प्रधान महासचिव राम चंद्र सहिस, महासचिव एवं विधायक लम्बोदर महतो, महासचिव एवं विधायक सुनिता चौधरी, उपध्यक्ष उमाकांत रजक, कुशवाहा शिवपुजन मेहता, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, हसन अंसारी, राजेंद्र मेहता, बनमाली मंडल, हरीश कुमार, अरविंद कुमार, युवा आजसू के अमित कुमार, गौतम सिंह, अमित महतो, जब्बार अंसारी, ओम वर्मा, ज्योत्सना केरकेट्टा, विशाल महतो, इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *