पलामू में मंईयां सम्मान योजना कार्यक्रम में बोले सीएम हेमंत सोरेन, रांची हेडक्वार्टर से नहीं बल्कि गांव- देहात से चल रही हमारी सरकार

गणादेश व्यूरो,पलामू: राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का गुरुवार को पलामू में प्रमंडल स्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। साथ ही रिमोर्ट का बटन दबाकर इस योजना के लाभुकों के खाते में पैसा ट्रांसफर किया।
मौके पर सीएम ने कहा कि हमारा समाज और राज्य तभी आगे बढ़ेगा जब यहां के आदिवासी, दलित, गरीब, वंचित, मजदूर- किसान और महिलाएं सशक्त होंगी। इन सभी को साथ लेकर ही मजबूत झारखण्ड का निर्माण संभव हैं। यही वजह है कि इन्हें सशक्त करने के लिए हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में महिलाओं की गरिमा, मान-सम्मान और हक -अधिकार देने की दिशा में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत हुई है। नारी शक्ति को समर्पित यह योजना इस राज्य की बहन -बेटियों को आगे बढ़ने में काफी मददगार साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार रांची हेडक्वार्टर से नहीं बल्कि गांव- देहात से चल रही है। जब हमारे गांव मजबूत होंगे तभी हमारा राज्य मजबूत बनेगा। इसी संकल्प के साथ विभिन्न विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में जिन गांवों में बीडीओ, सीओ और और थानेदार नहीं गए, आज वहां अधिकारी दल बल के साथ पहुंच रहे हैं। वे लोगों की समस्याओं को ना सिर्फ संवेदनशीलता के साथ सुन रहे हैं, बल्कि उसका समाधान भी कर रहे हैं। आज राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाएं घर-घर तक पहुंच रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में हमारी सरकार ने विकास की एक लंबी लकीर खींची है। झारखंड अलग राज्य बनने के बाद पिछले 20 वर्षों में जो कार्य नहीं हुआ, उसे हमारी सरकार ने विपरीत परिस्थितियों के बीच पूरा कर दिखाया है। आज राज्य विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर आयोजित कार्यक्रम में 5 लाख 91 हज़ार 919 लाभुकों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से सम्मान राशि हस्तांतरित कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और कदम बढ़ाया।
इनमें पलामू जिले के 2 लाख 88 हज़ार 521, लातेहार जिले के 1 लाख 17 हज़ार 605 और गढ़वा जिले के 2 लाख 19 हज़ार 320 लाभुक शामिल हैं।
वहीं मंत्री बैद्यनाथ राम ने संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह दिन हमारे माता बहनों के लिए सम्मान के प्रति संकल्प का दिन है।
सीएम हेमंत सोरेन विकास के प्रति संकल्पित हैं और सरकार गठन के बाद से ही लगातार विकास योजनाओं को धरातल पर उतराने का काम कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकार में सिर्फ कागजों पर विकास कार्य होता था। लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया जा रहा है। महिलाओं को सशक्त करने के लिए मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत किया गया है। इसमें 21-50 उम्र तक की महिलाओं को सालाना बारह हजार रुपए मिलेंगे। हर महीने के 15 तारीख से पहले महिलाओं के खाते में एक हजार रुपए आ जायेंगे।इसके अलावा वृद्ध महिलाओं को पेंशन योजना से जोड़ा गया।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही बहुत सारी योजनाओं को देखकर भाजपा विभिन्न तरीके से सरकार को परेशान करने में लगी हुई है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री को झूठे केस में फंसाया गया। इस मामले में पांच महीने तक जेल में रहना पड़ा। उसके बावजूद सीएम ने अपना हौसला नहीं खोया। अब जब न्यायालय ने कहा दिया कि इनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है तो दोबारा जब सीएम के रूप में आए तो दोगुने उत्साह के साथ विकास योजनाओं को संकल्पित के साथ उतारने का काम किया है। आज उसी का परिणाम है कि हमारे माता बहनों को सम्मान राशि देने के लिए सीएम खुद यहां पर आए हैं।
मंत्री ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार अनुसूचित जाति,आदिवासी और पिछड़ों के अधिकार को छीनने का प्रयास कर रही है। आरक्षण के लाभ को रोकने का काम हो रहा है। इसके खिलाफ सीएम हेमंत सोरेन के नेत्री में भारत बंद को हम लोगों ने समर्थन किया है। झारखंड में बंद पूरी तरफ से सफल रहा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के द्वारा हमारे अधिकारों को छीनने की साजिश की जा रही है। अपने चांद व्यापारियों को खुश करने के लिए छोटे छोटे व्यापारियों का शोषण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मंत्री दीपिका पांडे ने कहा कि महागठबंधन की सरकार सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महिलाओं के लिए सिर्फ सुरक्षा ही नहीं बल्कि उनकी आर्थिक सशक्तिकरण,उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य और साथ ही साथ उनके राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए लगातार पांच साल काम करते रहे हैं। आंगनबाड़ी की महिलाएं हो या अनुबंध कर्मी,तमाम महिलाओं को सशक्तिकरण का कार्य किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि मईयां सम्मान योजना से महिलाएं सशक्त होंगी।
मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि पूर्व की सरकार को जनता से कोई सरोकार नहीं रहा। आज जब सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आदिवासी,दलित,पिछड़ों को विकास योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है तो बीजेपी वाले बिलबिला गए हैं।
उन्होंने बीजेपी के 12-12सांसद होने के बाद भी पीएम आवास योजना के लिए सदन में मांग नहीं उठाया। इसलिए बीजेपी को यहां के गरीब जनता से कोई मतलब नहीं है। हमारी सरकार ने अबुआ आवास योजना शुरू कर गरीबों को पक्का मकान देने का काम कर रही है। सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में कई जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है।
इस कार्यक्रम में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बेबी देवी एवं विधायक रामचंद्र सिंह, गढ़वा जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती शांति देवी, महिला , बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार, पलामू प्रमंडल के आयुक्त एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक समेत पलामू गढ़वा और लातेहार जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *