देवी दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा-आराधना के साथ आज से चैत्र नवरात्रि आरंभ
आज से चैत्र नवरात्रि शुरू हो गए हैं। आज यानी 02 अप्रैल, शनिवार हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा तिथि पर घट स्थापना के साथ आने वाले नौ दिनों तक देवी दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा-आराधना के साथ विविधत रूप से चैत्र नवरात्रि आरंभ हो रहे हैं। इस बार तिथियों के क्षय नहीं होने की वजह से चैत्र नवरात्रि पूरे 9 दिनों तक रहेंगे। 10 अप्रैल को रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा। मान्यता है नवरात्रि पर देवी दुर्गा की साधना और पूजा-पाठ से सुख-समृद्धि का वास होता है। इसके अलावा मन की शक्ति का विकास अच्छे तरीके से होता है। हिंदू धर्म में नवरात्रि के पर्व का विशेष महत्व होता है। पूरे वर्ष में चार बार नवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। इनमें से चैत्र और शारदीय नवरात्रि का विशेष महत्व होता है जबकि दो गुप्त नवरात्रि होते हैं। नवरात्रि के नौ दिनों का विशेष महत्व होता है, जिसमें पूरे नौ दिनों तक उपवास रहते हुए देव दुर्गा के नौ रूपों की शक्ति की आराधना विधि विधान के साथ की जाती है। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा होती है,जो भक्तों को सुख-सौभाग्य, ऐश्वर्य और शौर्य प्रदान करती हैं। मान्यता है कि नौ देवियों की कृपा से अलग-अलग तरह के मनोरथ सिद्ध होते हैं। नवरात्रि के पहले दिन यानि प्रतिपदा तिथि पर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप देवी शैलपुत्री को समर्पित होता है। इस दिन शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए जौ बोने और कलश स्थापन-पूजन के साथ मां शैलपुत्री का पूजन किया जाता है।
![](https://i0.wp.com/ganadesh.com/wp-content/uploads/2022/07/5.jpg?fit=1987%2C1286&ssl=1)
![](https://i0.wp.com/ganadesh.com/wp-content/uploads/2022/07/6.jpg?fit=2020%2C1292&ssl=1)