उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण,दिए निर्देश

रांची: छठ महापर्व का आयोजन सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय समय से सुनिश्चित किए जाएं।
डीसी ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) एवं पावर हाउस तालाब स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया गया।
घाटों पर जलस्तर एवं पानी की गहराई को देखते हुए डीसी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से पानी में तीन फीट की गहराई के बाद बैरिकेडिंग/घेराबंदी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे न जा सकें। घाटों पर खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित क्षेत्र में ही अर्घ्य देने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
अत्यंत वेदनशील घाटों पर NDRF एवं SDRF की टीम की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त आवश्यकतानुसार गोताखोर, बचाव दल एवं अन्य आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
उपायुक्त ने घाटों तक पहुंचने वाले एप्रोच रोड को डस्ट भरकर समतल एवं सुगम बनाने का निर्देश दिया, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। साथ ही घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बिजली की सुरक्षित व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। भीड़ नियंत्रण एवं सुचारु आवागमन के लिए आवश्यक प्रबंध करने तथा घाटों पर फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने पर भी जोर दिया गया। नगर निगम क्षेत्र के बाहर स्थित छठ घाटों पर भी सुरक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी घाटों पर स्थानीय पूजा समितियों एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को समय पर पूरा किया जाए। घाटों पर प्रशासनिक एवं पुलिस बल की आवश्यक तैनाती, भीड़ प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए समुचित तैयारी रखने का निर्देश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *