क्षत्रिय समाज के उत्थान के लिए गठित हुआ क्षत्रिय गौरव मंच, पूरे झारखंड में संगठन का विस्तार

गणादेश,रांची : क्षत्रिय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के उद्देश्य से क्षत्रिय गौरव मंच ने पूरे झारखंड में संगठन का विस्तार किया है। मंच के अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि संगठन की पूरी कमेटी का गठन कर लिया गया है। इसके तहत सभी जिलों में जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। रांची को तीन भागों में बांटकर संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि 52 सदस्यीय कार्यसमिति के साथ कुल 100 लोगों की कमेटी बनाई गई है। रांची जिले को छोड़कर 25 पदाधिकारियों की सूची भी तैयार की गई है।
प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि अब तक क्षत्रिय समाज के नाम पर कई संगठन बने, लेकिन समाज के वास्तविक उत्थान के लिए अपेक्षित काम नहीं हुआ। आज समाज के कई लोग आर्थिक तंगी और बदहाली से जूझ रहे हैं। गांवों में क्षत्रिय परिवारों की स्थिति काफी दयनीय है। देश की रक्षा और सुरक्षा के लिए समाज ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, लेकिन इसके बावजूद समाज के हितों की अनदेखी हुई। अंग्रेजों के शासनकाल में भी क्षत्रिय समाज का शोषण किया गया। ऐसे में समाज को फिर से मजबूत बनाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज की पहचान जमीन से जुड़ी है, लेकिन झारखंड में जमीन से जुड़े विवादों का समाधान नहीं हो रहा है। जिस तरह बैंक में पासबुक की व्यवस्था है, उसी तरह जमीन का भी पासबुक होना चाहिए। इससे जमीन से संबंधित अधिकारों और समस्याओं का समाधान आसान होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बड़े पैमाने पर जमीन का हस्तांतरण हो रहा है, लेकिन सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने बताया कि मंच ने ‘चलो गांव की ओर’ का नारा दिया है। समाज की बेटियों को शिक्षित करना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आगे बढ़ाना भी प्राथमिकता है। मंच झारखंड के बेहतर भविष्य के लिए काम करेगा। जरूरत पड़ने पर राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाने से पीछे नहीं हटेगा। व्यवस्था में सुधार और समाज को सम्मान दिलाना ही मंच का मुख्य उद्देश्य है। मौके पर रमेश सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।
मंच मेंरांची से अभिषेक ,गुमला से सुरजदेव सिंह ,रांची से मदन सिंह,गोड्डा से सूरज सिंह,चाईबासा से सुरेश सिंह सहित 52 लोगों की सूची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *