गरीब, मजदूर, किसान और असहाय को सशक्त बनाने हेतु सरकार प्रतिबद्ध: हेमंत सोरेन
सीएम ने भोगनाडीह में अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू मुर्मू जयंती और वीर शहीदों को नमन किया,कई योजनाओं की सौगात दी
साहेबगंज: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन शुक्रवार को साहेबगंज के भोगनाडीह पहुंचे। उन्होंने अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू मुर्मू जयंती पर वीर शहीदों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने साहिबगंज, पाकुड़ एवं गोड्डा जिले को कई योजनाओं की सौगात देने का काम किया। 43785.760 लाख रुपए की कुल 507 योजनाओं का उद्घाटन – शिलान्यास किया। इसमें 21399.318 लाख रुपए की 361 योजनाओं का उद्घाटन और 22386.442 लाख रुपए की 147 योजनाओं की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कुल 314279 लाभुकों के बीच 13092.426 लाख रुपए की परिसंपत्तियां एवं लाभुकों को नियुक्ति पत्र प्रदान की।
मौके पर सीएम ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने आदिवासी- मूलवासी के हक और अधिकारों के लिए लंबी लड़ाई लड़ी है। वीर शहीदों ने अपने प्राण त्याग कर जल- जंगल- जमीन को बचाने का कार्य किया है। आज हमारी सरकार वीर शहीदों के आश्रितों को चिन्हित कर पूरा मान- सम्मान और अधिकार दे रही है। राज्य के आदिवासी, दलित और पिछड़ों को आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से मजबूती प्रदान की जा रही है। परन्तु आज भी हमारे सामने कई चुनौतियां हैं। जहां आदिवासी, दलित और पिछड़ा वर्ग दशकों से हाशिये पर रहे हैं। आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, बौद्धिक और राजनीतिक रूप से कमजोर होने की वजह से इन्हें हमेशा नजरअंदाज किया जाता रहा है। लेकिन हमारी सरकार इन्हें प्रत्येक दिशा से मजबूती प्रदान करने हेतु प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शैक्षणिक क्षेत्र में राज्य के गरीब बच्चे उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षा हासिल कर रहे है। किसान, मजदूर एवं गरीब तबके के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में राज्य के 80 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों को सीबीएसई पैटर्न पर चलाया जा रहा है। उत्कृष्ट विद्यालय में एडमिशन हेतु आज लंबी लाइन लगानी पड़ती है। प्रवेश परीक्षा में हजारों की संख्या में बच्चे शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा हमारी सरकार आज मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा ओवरसीज स्कॉलरशिप 2025 के माध्यम से प्रति वर्ष कुल 25 छात्रों को आगे की शिक्षा प्राप्त करने हेतु छात्रवृत्ति प्रदान कर रही है। शिक्षा प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर सांसद विजय कुमार हांसदा, विधायक हेमलाल मुर्मू , विधायक कल्पना सोरेन, विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन, विधायक धनंजय सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती मोनिका किस्कू, आयुक्त संथाल परगना प्रमंडल लालचंद डाडेल, पुलिस महानिरिक्षक क्रांति कुमार गाडिदेशी और साहिबगंज, पाकुड़ एवं गोड्डा जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।

